भारत

प्रेमी से बात करने पर सौतेली मां हुई आक्रोशित, नाबालिग की गला दबाकर कर दी हत्या

jantaserishta.com
11 March 2022 4:53 PM GMT
प्रेमी से बात करने पर सौतेली मां हुई आक्रोशित, नाबालिग की गला दबाकर कर दी हत्या
x
पढ़े पूरी खबर

भागलपुर जिले के रंगरा ओपी के चापर दियारा में प्रेमी से बात करने पर आक्रोशित सौतेली मां ने मनीषा कुमारी (15) पिता अरुण मंडल की गला दबाकर निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। उसके बाद घटना को आत्महत्या साबित करने का प्रयास किया। घटना गुरुवार रात की है। शुक्रवार सुबह मनीषा को मरा हुआ देखकर परिजनों ने हो-हल्ला कर आसपास के लोगों को बुलाया। जिससे वहां लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना रंगरा पुलिस को दी गई। सूचना पर रंगरा ओपी के प्रभारी थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

लड़की की बड़ी बहन आरती देवी ने बताया कि मनीषा मोबाइल पर किसी लड़के से बात करती थी। इसीलिए सौतेली मां अक्सर उसके साथ मारपीट करती थी। घटना के दिन घर पर सौतेली मां श्यामा देवी और मनीषा थी। बूढ़ी दादी सहित अन्य लोग अगल-बगल में गए थे। एकाएक मनीषा पड़ोस के लड़के के घर टीवी देखने चली गयी। सौतेली मां उसे खोजते-खोजते लड़के के घर पर आयी और मनीषा को मारपीट करते हुए घर ले गयी। घर आने पर मोबाइल पर लड़के से बात करने की बात पर सौतेली मां ने उसको बुरी तरह पीटा, जिसका मनीषा ने विरोध किया। इसी बात पर सौतेली मां ने उसे पटककर छाती पर बैठकर गला दबा दिया जिस्से उसकी मौत हो गयी। मनीषा की बहनों ने आरोप लगाया कि मोबाइल पर बात करने के कारण ही सौतेली मां ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मनीषा के पिता अरुण मंडल रेलवे गोरखपुर में पुल विभाग में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी हैं। पहली पत्नी से शादी के बाद तीन बेटी शिखा देवी, आरती देवी और मनीषा है। शिखा देवी और आरती की शादी हो गयी है। पहली पत्नी से बेटा नहीं होने के कारण अरुण मंडल ने दूसरी शादी श्यामा से की। इससे एक लड़का और एक लड़की रजनी है। रजनी की शादी हो गयी है। श्यामा देवी अपनी सौतेली बेटियों को देखना नहीं चाहती थी। घटना के समय अरुण मंडल गोरखपुर में थे। घटना की सूचना पर वे आये थे।
घटना सूचना पर गयी रंगरा पुलिस को श्यामा देवी ने कहा कि मनीषा को भूत प्रेत आता है। उसने मनीषा के बीमार होने की झूठी कहानी बताकर बेवकूफ बनाने का भी प्रयास किया था लेकिन कोई प्रमाण नहीं दे सकी। घटनास्थल पर जांच कर रहे इंस्पेक्टर मार्कंडेय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला गला दबाकर हत्या करने की लग रही है। गले के आगे के हिस्से में निशान है। उससे लगता है कि गला दबाकर हत्या की गई है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। घटना के बाद आरोपी सौतेली मां श्यामा देवी को रंगरा पुलिस हिरासत में लेकर थाना ले आयी है.
Next Story