
x
Dehradun देहरादून। श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और दान सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर बदरी-केदार मंदिर समिति के कर्मचारी राजेंद्र चौहान को ज्योतिर्मठ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में विशेष जांच दल ने उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की है।
इस मामले में पहले मिली शिकायत के आधार पर श्री बद्रीनाथ कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच के बाद 12 जुलाई 2026 को नामजद आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया गया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए विशेष जांच दल ने थाली भेंट की गणना से जुड़े कक्ष में लगे निगरानी कैमरों की विभिन्न तिथियों की रिकॉर्डिंग का बारीकी से अध्ययन किया। साथ ही संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि बदरी-केदार मंदिर समिति के स्थायी कर्मचारी और उस समय थाली भेंट गणना प्रभारी रहे राजेंद्र चौहान ने कथित रूप से प्रमोद नौटियाल के साथ मिलकर थाली भेंट में मिली धनराशि और अन्य दान सामग्री का कुछ हिस्सा अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, 22, 25 और 29 जून 2026 की रिकॉर्डिंग में राजेंद्र चौहान कई बार पांच सौ रुपए के नोटों की गड्डियां, दान सामग्री और आभूषण अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिए। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की एक और धारा जोड़ी गई और राजेंद्र चौहान को सह आरोपी बनाया गया।
इसके बाद पुलिस टीम 17 जुलाई 2026 को ज्योतिर्मठ से राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर श्री बद्रीनाथ थाने लाई । फिलहाल उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Tagsजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





