भारत

भाजपा पार्षद के बेटे ने दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया, बड़ी संख्या में भाजपाई थाने पहुंचे

jantaserishta.com
2 Jan 2026 10:25 AM IST
भाजपा पार्षद के बेटे ने दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया, बड़ी संख्या में भाजपाई थाने पहुंचे
x
जानें पूरा मामला.
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में 1 जनवरी 2026 की शाम बीजेपी पार्षद के बेटे हिमांशु श्रीवास्तव ने ड्यूटी पर तैनात चौकी प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी को थप्पड़ मार दिया. मणिकर्णिका घाट पर नए साल पर भारी भीड़ के कारण दरोगा द्वारा नो एंट्री में बाइक ले जाने से मना करने पर यह विवाद हुआ. बीजेपी युवा मोर्चा के सारनाथ मंडल महामंत्री हिमांशु ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर दरोगा की पिटाई की, जिससे बचने के लिए पुलिस अधिकारी को एक दुकान में शरण लेनी पड़ी.
मामले के बाद घाट पर भगदड़ की स्थिति बन गई. पुलिस ने आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ चौक थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
फिलहाल आरोपी का इलाज मंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे. ब्रम्हनाल चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार त्रिपाठी मणिकर्णिका घाट पर भीड़ प्रबंधन और शांति व्यवस्था की ड्यूटी में अकेले तैनात थे. नए साल के मौके पर सतुआ बाबा आश्रम की गली में पर्यटकों की बहुत ज्यादा भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों को दूसरी गली से डायवर्ट कर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार हिमांशु श्रीवास्तव और उसके दो साथियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर जाने की जिद शुरू कर दी. दरोगा ने जब भीड़ के मद्देनजर उन्हें रोका, तो हिमांशु ने पार्षद का बेटा होने का रौब दिखाते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की और गाली-गलौज पर उतर आया.
तहरीर के मुताबिक, रोकने पर गुस्साए आरोपियों ने दरोगा को मां-बहन की गालियां दीं और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया. लगातार हो रहे हमले से बचने के लिए दरोगा ड्यूटी छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए आसपास की दुकानों की तरफ भागने लगे. पुलिस अधिकारी को इस तरह भागते देख मौके पर मौजूद भीड़ अनियंत्रित हो गई और घाट पर भगदड़ मच गई. जैसे-तैसे दरोगा एक स्थानीय दुकान में घुसकर जान बचाई. बाद में स्थानीय लोगों के विरोध और पुलिस की मदद से भाग रहे हिमांशु को पकड़ लिया गया.
चौकी इंचार्ज की तहरीर पर चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव के खिलाफ 7CLA, 132BNS, 352, 115(2) और 351(2) जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मेडिकल टेस्ट के लिए कबीर चौराहा ले गई, जहां चोट लगने की वजह से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब हिमांशु के उन दो साथियों की तलाश कर रही है, जो भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले थे. इस घटना ने सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा पुलिस पर हमले को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story