भारत

जिस ननद पर था भरोसा, उसी पर हत्या की सुपारी देने का आरोप! देवरिया में गर्भवती भाभी की हत्या

SHIDDHANT
27 Oct 2026 11:07 PM IST
जिस ननद पर था भरोसा, उसी पर हत्या की सुपारी देने का आरोप! देवरिया में गर्भवती भाभी की हत्या
x
गर्भवती गुड़िया की हत्या में ननद की भूमिका की जांच तेज
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पांच महीने की गर्भवती महिला गुड़िया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, हत्या की साजिश में मृतका की ननद पूर्णिमा की कथित भूमिका सामने आई है। आरोप है कि पूर्णिमा ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने के लिए तीन लाख रुपये में सुपारी दी थी। मामले में पुलिस ने एक कथित सुपारी किलर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
सरकारी आवास में मिली थी गर्भवती महिला की लाश
घटना देवरिया के रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की है। यहां सरकारी आवास में रह रही गुड़िया विश्वकर्मा की 24-25 अक्टूबर की रात हत्या कर दी गई थी। गुड़िया पांच महीने की गर्भवती थी और कुछ समय से अपनी ननद पूर्णिमा के साथ रह रही थी। पूर्णिमा स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थी।
3 लाख रुपये में तय हुआ था हत्या का सौदा
पुलिस के मुताबिक, पूर्णिमा ने अपने एक परिचित के जरिए कथित तौर पर सुपारी किलरों से संपर्क किया था। हत्या के लिए तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें ढाई लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। बाकी 50 हजार रुपये वारदात के बाद दिए जाने थे। जांच में राम आशीष यादव और नरेश का नाम सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर गुड़िया की हत्या की थी।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
मंगलवार सुबह पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में राम आशीष यादव के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी मौके से फरार हो गया।
मायके वालों ने लगाए दहेज उत्पीड़न के आरोप
मृतका के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मां की शिकायत पर पति, सास, ननद और अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और फरार संदिग्ध की तलाश जारी है।
Next Story