भारत

निशानेबाज़ का नहीं चूका 'निशाना', चीन को पछाड़ कर गोल्ड पर किया कब्ज़ा

Shantanu Roy
29 Sept 2023 4:58 PM IST
निशानेबाज़ का नहीं चूका निशाना, चीन को पछाड़ कर गोल्ड पर किया कब्ज़ा
x
बराड़ा। हरियाणा के अंबाला के मुलाना के धीन गांव के रहने वाले गोल्ड मेडलिस्ट सरबजोत सिंह ने एक बार फिर अपने गांव सहित देश का नाम विश्व में रोशन कर दिखाया है। भारतीय निशानेबाज सरबजोत सिंह, अर्जुन सिंह चीमा और शिवा नरवाल ने मिलकर गुरुवार को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में जारी एशियाई खेल 2023 में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। सरबजोत सिंह के गांव में खुशी का माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सरबजोत सिंह इससे पहले जर्मनी में 2 बार स्वर्ण पदक, चाईना, पेरु में भी स्वर्ण पदक जीत चुकें हैं। बता दें कि अर्जुन सिंह चीमा, सरबजोत सिंह और शिव नरवाल की तिकड़ी ने भारत को एशियाई खेलों के 5वें दिन गोल्ड मेडल दिलाया। इस तिकड़ी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में यह पदक अपने नाम किया। यहां इस तिकड़ी को मेजबान देश चीन से कड़ी चुनौती मिल रही थी लेकिन अंत में उन्होंने इस बेहद करीबी मुकाबले में चीनी शूटरों की तिकड़ी को पीछे छोड़कर गोल्ड पर कब्जा कर लिया। भारत का शूटिंग में यह चौथा गोल्ड मेडल है।
Next Story