भारत

SHO समेत 3 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, कारण जानकर हैरान रह जाएंगे

jantaserishta.com
17 Jan 2026 4:31 PM IST
SHO समेत 3 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, कारण जानकर हैरान रह जाएंगे
x

सांकेतिक तस्वीर

पढ़ें पूरी खबर.
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप सामने आने के बाद थाना स्तर के तीन पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है. एक युवती के अपहरण मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में थाना प्रभारी (SHO) समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
दरअसल, यह मामला उस समय सामने आया जब आरोपी के रिश्तेदार ने पुलिस के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक सेल में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि हिरासत से रिहा करने के लिए उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उच्च अधिकारियों ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए.
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि गजेंद्र सिंह नाम के युवक पर कोलकाता से एक लड़की के अपहरण का आरोप है. वह लड़की को बहराइच लेकर आया और उसे अपने बहनोई मुनीजर सिंह के घर पर रखा गया था. यह घर मटेहरा थाना क्षेत्र के धनौली गौरा गांव में स्थित है.
लड़की के परिजनों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के माध्यग्राम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कराया था. 11 जनवरी को पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम बहराइच पहुंची और मटेहरा पुलिस के साथ मिलकर लड़की को बरामद किया.
लड़की की बरामदगी के बाद गजेंद्र सिंह, मुनीजर सिंह और लड़की को मटेहरा थाने लाया गया. स्थानीय अदालत से रिमांड आदेश भी लिया गया. इसके बाद मुनीजर सिंह ने आईजी देवीपाटन रेंज कार्यालय की एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई कि उसे रिहा करने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई.
शिकायत मिलने पर आईजी अमित पाठक ने मामले की विस्तृत गोपनीय जांच के आदेश दिए. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद मटेहरा थाने के एसएचओ सुरेंद्र कुमार बौध, उपनिरीक्षक विशाल जायसवाल और कांस्टेबल अवधेश यादव को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है. साथ ही, जो एक लाख रुपये रिश्वत के तौर पर दिए गए थे, उन्हें शिकायतकर्ता को वापस कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story