भारत

नौकर ने दो साथियों के साथ मिलकर दंपत्ति को बनाया बंधक, 10 लाख नकद और जेवरात लूटे

Admin2
29 Sep 2022 5:48 PM GMT
नौकर ने दो साथियों के साथ मिलकर दंपत्ति को बनाया बंधक, 10 लाख नकद और जेवरात लूटे
x
पढ़े पूरी खबर

वृंदावन में नौकर ने ही दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। चैतन्य विहार कॉलोनी में नौकर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दंपत्ति को बंधक बनाकर 10 लाख की नकदी और करीब 15 लाख के जेवरात लूट लिये। गृहस्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नौकर और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।

चैतन्य विहार फेस-2 निवासी विजय कुमार गर्ग पुत्र सूरज भान गर्ग द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वह अपनी पत्नी एवं नौकर उमेश यादव निवासी गांव राज राजासरी जिला बांका (बिहार) के साथ यहां रहते हैं। 27 सितंबर की रात्रि करीब 9:30 बजे उमेश के साथ दो अज्ञात युवक उनके घर में घुस आए।
इन लोगों ने उन्हें और उनकी पत्नी को रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी से 10 लाख रुपये की नकदी एवं पत्नी के जेवरात जिनमें सोने के तीन चैन, चार सोने के सिक्के, दो अंगूठी, एक ब्रास लेट, तीन कान की रिंग, एक जोड़ी सोने की चूड़ी, एक जोड़ी हीरे की चूड़ी, चांदी की बोतल, सिक्के जिनकी कीमत लगभग पंद्रह लाख रुपये है, लूटकर भाग गये।
रातभर दंपत्ति बंधे हुए कमरे में पड़े रहे। सुबह होने पर जब आसपास के लोग जागे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पहुंचकर उन्हें बंधनमुक्त किया तो उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी और बताया कि उनके नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की है।
इस दुस्साहासिक वारदात से पूरे चैतन्य विहार में रहने वाले लोगों मे दहशत व्याप्त है। गृहस्वामी विजय कुमार गर्ग द्वारा नौकर उमेश यादव समेत दो अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
Next Story