भारत
महिला को बंधक बनाकर दिनदहाड़े फर्जी डकैती का खुला राज, मामला जानकर पुलिस भी हैरान
jantaserishta.com
14 April 2024 9:09 AM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
गाजियाबाद: गाजियाबाद के निवाड़ी में महिला को बंधक बनाकर दिनदहाड़े फर्जी डकैती की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मायके की आर्थिक तंगी दूर करने के लिए खुद महिला ने ही माता-पिता के साथ मिलकर अपने ससुराल में डकैती की योजना बनाई थी। पिता ने जानकार को 20 हजार रुपये देकर वारदात का नाटक करने भेजा था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी ग्रामीण विवेक चंद यादव ने बताया कि निवाड़ी कस्बे में सालेनगर मार्ग पर रहने वाले मुकेश त्यागी अपने बेटे दीपक त्यागी, मोहित त्यागी और दीपक की पत्नी दीपिका के साथ रहते हैं। दीपक त्यागी नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 10 अप्रैल को दीपक ड्यूटी और मोहित बाहर चला गया, जबकि मुकेश त्यागी खेत में थे। दीपिका ने बताया था कि दोपहर 1 बजे दो युवक घर पर आए और मुकेश त्यागी के बारे में पूछकर चले गए। इसके थोड़ी देर बाद ही पांच युवक आए और खाना मांगा।
आरोप था कि दीपिका रसोई में गई तो पांचों युवक उसे बंधक बनाकर रसोई में ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने दीपिका के साथ मारपीट की और फिर नशीली चीज सुंघाकर साढ़े तीन लाख रुपये और 40 तोला सोने के जेवर लूटकर ले गए।
डीसीपी ग्रामीण के मुताबिक, मोहित की शिकायत पर पुलिस द्वारा डकैती का केस दर्ज कर खुलासे के लिए चार टीमें गठित कर दी गई थीं। जांच में पता चला कि डकैती की घटना फर्जी थी। खुद दीपिका ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर डकैती की कहानी रची थी। दीपिका के अलावा थाना बागपत के गांव पदेडा निवासी उसकी मां सुनीता त्यागी, पिता योगेंद्र त्यागी के अलावा थाना सिंघावली अहीर जिला बागपत के गांव बसौद निवासी अकबर को गिरफ्तार किया गया, जो योगेंद्र त्यागी का जानकार है। दीपिका के माता-पिता वर्तमान में थाना गंगानगर मेरठ के राधा गार्डन में रहते हैं।
दीपिका के पिता योगेंद्र त्यागी के दिल का फिर से ऑपरेशन होना था। पिता के इलाज और मायके को आर्थिक तंगी से उबारने के लिए दीपिका ने माता-पिता के साथ मिलकर फर्जी डकैती की योजना बनाई थी। दीपिका ने अपनी देवरानी, जेठानी और परिवार की अन्य महिलाओं के जेवर करीब डेढ़ महीने पहले ही चोरी कर लिए और मायके ले गई थी। करीब तीन लाख रुपये के जेवर उसने मां के साथ जाकर मेरठ के एक सुनार को बेच दिए थे, जबकि कुछ जेवर मायके में ही रखे।
डीसीपी ने बताया कि योगेंद्र त्यागी जिस अस्पताल में अपना इलाज कराता था, वहीं उसकी मुलाकात अकबर से हुई थी। बेटी दीपिका के घर लूट की घटना का नाटक करने के लिए योगेंद्र ने अकबर को 20 हजार रुपये दिए थे। 10 अप्रैल को घटना वाले दिन योगेंद्र ने ही अकबर को बेटी का घर दिखाया था।
डीसीपी ग्रामीण ने बताया कि दीपिका ने पहले ही घर का सामान बिखेर कर लूट का घटनास्थल तैयार कर लिया था। घर आए अकबर से उसने अपने हाथ-पैर बंधवाए और जाते वक्त उसे मोबाइल और देवरानी की बचे हुए जेवर भी दे दिए। ससुरालियों के घर आने पर दीपिका ने डकैती की फर्जी घटना बता दी।
Tagsगाजियाबादगाजियाबाद न्यूज़गाजियाबाद पुलिसफर्जी डकैतीGhaziabadGhaziabad NewsGhaziabad PoliceFake Robbery
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





