भारत

गिरमिटिया मजदूरी के समय से है भारत और फिजी के बीच संबंध

jantaserishta.com
19 Jan 2026 9:47 AM IST
गिरमिटिया मजदूरी के समय से है भारत और फिजी के बीच संबंध
x
नई दिल्ली: भारत और फिजी के बीच ऐतिहासिक और रणनीतिक रिश्ते अत्यंत मजबूत और गहरे हैं। दोनों देशों के संबंध बहुआयामी स्वरूप रखते हैं, जिनकी नींव गिरमिटिया मजदूरों के प्रवास के साथ पड़ी थी। समय के साथ यह रिश्ता विभिन्न क्षेत्रों में सशक्त और जीवंत साझेदारी में परिवर्तित हो चुका है।
आज फिजी की जनसंख्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारतीय मूल के लोगों से बना है, जो दोनों देशों के सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करता है। संस्कृति, भाषा और परंपराओं के स्तर पर भी भारत और फिजी के बीच विशेष आत्मीयता और आपसी जुड़ाव देखने को मिलता है।
फिजी का कुल क्षेत्रफल लगभग 18,300 वर्ग किलोमीटर है और 2025 तक इसकी आबादी 933,154 थी। इसके अलावा, यह 300 से अधिक द्वीपों का समूह है, जिनमें से करीब 100 द्वीपों पर आबादी रहती है।
भारत और फिजी के बीच 1970 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। फिजी के सुवा में भारत का उच्चायोग स्थापित है। भारत फिजी को शिक्षा, स्वास्थ्य, आईटी, और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग करता है। फिजी के छात्रों के लिए भारत सरकार छात्रवृत्ति योजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाती है। फिजी में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वहां के सर्वोच्च सम्मान कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी (सीएफ) से सम्मानित किया गया।
बता दें, 1879 से लेकर 1916 के बीच भारत से मजदूर (गिरमिटिया) फिजी के गन्ने के बागानों में काम करने के लिए आए। इस दौरान फिजी में ब्रिटिश शासन चल रहा था। इस समय में गिरमिटिया प्रणाली के तहत भारतीय मजदूरों को फिजी में लाया गया था। यही कारण है कि यहां 30-40 फीसदी लोग भारतीय मूल के हैं।
भारतीय मूल के लोगों की वजह से यहां हिंदी व्यापक रूप से बोली जाती है। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव भी गहरा है। दीपावली और होली जैसे भारतीय त्योहार फिजी में राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाते हैं। योग, आयुर्वेद और भारतीय सिनेमा भी फिजी समाज में लोकप्रिय हैं, जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु का काम करते हैं।
प्रशांत क्षेत्र में फिजी भारत के लिए अहम साझेदार है। भारत की इंडो-पैसिफिक नीति और सागर विजन के तहत फिजी जैसे द्वीपीय देशों के साथ सहयोग बढ़ाया जा रहा है। भारत फिजी को जलवायु परिवर्तन से निपटने, आपदा प्रबंधन और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में सहायता प्रदान करता है।
भारत फिजी को पैकेटबंद दवाएं और मेडिकल उपकरण, वस्त्र और परिधान, रिएक्टर, बॉयलर और बिजली उत्पादन सेट (जनरेटर), रसायन, अनाज (चावल) और अन्य तैयार खाद्य पदार्थ, प्लास्टिक और उससे बनी वस्तुएं, स्किन केयर और मेकअप प्रोडक्ट्स और नमक निर्यात करता है। फिजी से भारत सोना, मशीनरी, लीड अयस्क, प्रसंस्कृत खाद्य, और प्लास्टिक आयात करता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story