भारत

रेप के आरोपी ने पीड़िता की किडनी का किया सौदा, वारदात में शामिल 5 लोग गिरफ्तार

Nil dhankar
28 July 2025 6:57 AM IST
रेप के आरोपी ने पीड़िता की किडनी का किया सौदा, वारदात में शामिल 5 लोग गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। बिजनौर कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन और किडनी बेचने के प्रयास का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। एक दुकान पर काम करने वाली महिला ने दुकान मालिक पर जबरन दुष्कर्म और निकाह कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दंपति सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। निकाह कराने वाले मौलवी समेत अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।

शहर कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि करीब 10 माह पहले उसके पति ने किरतपुर कस्बे में मोहम्मद तारिक की कपड़े की दुकान पर उसकी नौकरी लगवाई थी। आरोप है कि तारिक उसे कपड़े खरीदने के बहाने सहारनपुर, मुरादाबाद आदि जिलों में ले जाने लगा, इस कारण घर जाने में अक्सर देर होने लगी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होने लगा। दुकान मालिक तारिक ने हमदर्दी दिखाते हुए उसे मंडावर क्षेत्र में किराए पर कमरा दिला दिया। महिला का आरोप है कि तारिक ने उससे जबरदस्ती संबंध बनाए। फिर धोखे से परिजनों की मदद से निकाह कर लिया, इसके बाद किडनी बेचने का प्रयास किया। विरोध करने पर बच्चे को मारने की धमकी भी दी और जहरीला पदार्थ देकर मारने का प्रयास किया। महिला के मुताबिक 23 फरवरी को तारिक, उसकी पत्नी नसरीन, अदनान, मेहराज, अरमान आदि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर नजीबाबाद ले गए। यहां मौलवी की उपस्थिति में जबरन तारिक से उसका निकाह कराया गया। इसके बाद उसका नाम बदलकर आयशा रख कर निकाहनामा भी तैयार कराया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे दिल्ली के एक अस्पताल और ऋषिकेश के एक निजी अस्पताल ले जाकर उसकी किडनी बेचने का प्रयास भी किया। जब उसे इस बात का अहसास हुआ तो उसने विरोध किया जिस पर आरोपियों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और वापस मंडावर ले आए।

महिला के अनुसार 21 जुलाई को तारिक और उसके साथियों नसरीन, रेशमा, आसमा, नदीम, अदनान, फहीम ने मारपीट कर फिर जबरदस्ती नशीला पदार्थ दिया। आरोप है कि तारिक और उसकी पत्नी नसरीन ने उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डालकर जान से मारने का प्रयास किया। वह बेहोश हो गई और होश में आने पर उसने खुद को सरकारी अस्पताल बिजनौर में पाया। उसने फोन कर पिता को बुलाया और उनके घर आ गई। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे फोन पर धमकी दे रहे हैं। आरोपियों से उसे जान का खतरा है। पीड़िता द्वारा किडनी 50 लाख में दिल्ली के एक अस्पताल में बेचने का प्रयास करने का आरोप लगाने पर पुलिस ने किडनी तस्करी व धर्म परिवर्तन गिरोह की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में कुछ अस्पतालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Next Story