भारत

घर से जेल लौट रहा था कैदी, रास्ते में बदमाशों ने उतारा मौत के घाट

SHIDDHANT
13 Aug 2026 12:09 AM IST
घर से जेल लौट रहा था कैदी, रास्ते में बदमाशों ने उतारा मौत के घाट
x
स्कूटी सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
Jaipur जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। करणी विहार थाना क्षेत्र के धावास स्थित जानकी विहार इलाके में सांगानेर ओपन जेल के कैदी गंगासहाय कुमावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गंगासहाय अपने घर से वापस ओपन जेल लौट रहा था, तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा किया और रास्ते में घेरकर तीन गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली उसके सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जेल से घर आया था कैदी
पुलिस के मुताबिक, गंगासहाय कुमावत सांगानेर ओपन जेल में सजा काट रहा था। बुधवार को वह अपने घर धावास आया था। शाम करीब 5 बजे वह बाइक से वापस जेल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जानकी विहार इलाके में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने मौका पाकर गंगासहाय पर तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर गया। सिर में गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर स्कूटी से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
2018 के हत्या मामले में काट रहा था सजा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गंगासहाय कुमावत वर्ष 2018 में मोती डूंगरी इलाके के हिस्ट्रीशीटर महेंद्र गुर्जर की हत्या के मामले में आरोपी था। इस मामले में अदालत से सजा मिलने के बाद वह सांगानेर ओपन जेल में बंद था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गंगासहाय की हत्या का संबंध उसकी पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि से है या किसी नए विवाद के चलते उसे निशाना बनाया गया।
रेकी की आशंका, CCTV खंगाल रही पुलिस
जिस तरह बदमाशों ने गंगासहाय का पीछा कर वारदात को अंजाम दिया, उससे पुलिस को पहले से रेकी किए जाने की आशंका है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों को उसके घर आने और वापस जेल लौटने की जानकारी कैसे मिली। घटनास्थल पर FSL टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए अलग-अलग टीमें लगाकर जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।
Next Story