
x
भदोही। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भदोही जिले के नाम को लेकर बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब भदोही जिला ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा। सीएम योगी ने भदोही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
कालीन उद्योग के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध भदोही के नाम का इतिहास कई बार बदल चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिले की पहचान संत रविदास के नाम से भी जुड़ी रहेगी। संत रविदास ने अपनी आध्यात्मिक भक्ति और सामाजिक संदेशों के माध्यम से समाज को जोड़ने का काम किया था।
भदोही जिले के नाम परिवर्तन का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। वर्ष 1999 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने जिले का नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ रखा था। बाद में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान 6 दिसंबर 2014 को संयुक्त नाम से ‘संत रविदास नगर’ हटाकर इसे फिर से ‘भदोही’ कर दिया गया था। अब योगी सरकार ने एक बार फिर ‘संत रविदास नगर भदोही’ नाम की घोषणा की है।
सीएम योगी इससे पहले जुलाई 2026 में भी भदोही का नाम फिर संत रविदास से जोड़ने की घोषणा कर चुके थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर सरकार इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाएगी। रविवार की घोषणा के साथ कालीन नगरी भदोही का नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान संत रविदास की विरासत और उनके सामाजिक योगदान का भी उल्लेख किया।
Next Story





