भारत

इंडिगो की फ्लाइट में सो गया था मजदूर, पहुंचा दूसरे देश

Nilmani Pal
14 Dec 2021 12:42 PM GMT
इंडिगो की फ्लाइट में सो गया था मजदूर, पहुंचा दूसरे देश
x
जानिए फिर क्या हुआ

फ्लाइट के दौरान भी कई ऐसे वाकये सामने आ जाते हैं जो काफी चर्चा में आ जाते हैं। ऐसा ही एक मामला इंडिगो की फ्लाइट से सामने आया है जब मुंबई से अबू धाबी जाने वाले एक विमान में सामान लादने गए एक लोडर को नींद आ गई और वह वहीं सो गया। इसके बाद जब वह विमान अबू धाबी पहुंचा तो उसे वहां पाया गया। अधिकारियों ने उसे देखा तो वे सब चौंक गए, उसे तत्काल मेडिकल चेक अप के लिए भेजा गया।

दरअसल, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1835 में हुई है, फ्लाइट ने मुंबई से अबू धाबी के लिए रविवार सुबह तीन बजे उड़ान भरी। यह सब तब हुआ जब इस लोडर को कार्गो कंपार्टमेंट में ही नींद आ गई और वह सामान के पीछे ही सो गया, तब फ्लाइट मुंबई में ही खड़ी थी। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी पहुंचने पर उसे सुरक्षित पाया गया। इस पूरे मामले की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारयों ने दी है। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि कार्गो का दरवाजा बंद था और मुंबई हवाईअड्डे से विमान के उड़ान भरने पर उसकी नींद खुल गई थी लेकिन तब तक फ्लाइट उड़ चुकी थी। विमान के उतरने पर अबू धाबी के अधिकारियों ने लोडर की मेडिकल जांच की और उसकी शारीरिक हालत स्थिर व सामान्य पाई गई। यह भी बताया गया कि लोडर सामान लादने-उतारने वाला एक श्रमिक था।

डीजीसीए के प्रबंध निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि अबू धाबी में अधिकारियों से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद उसे उसी विमान से एक यात्री के तौर पर मुंबई वापस भेज दिया गया। फिलहाल घटना के संबंध में कुछ कर्मियों को जांच लंबित रहने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। वहीं घटना के बारे में पूछे जाने पर इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बताया कि हम घटना से अवगत हैं और इस बारे में जांच के आदेश दे दिए गए हैं।


Next Story