भारत

भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने कोरिया को हराकर जीता स्वर्ण पदक

Tulsi Rao
2 Oct 2026 7:37 AM IST
भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने कोरिया को हराकर जीता स्वर्ण पदक
x
स्वर्ण पदक

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रिकर्व महिला टीम ने इतिहास रच दिया है. अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम मोहोद की तिकड़ी ने फाइनल में आर्चरी की महाशक्ति दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दक्षिण कोरिया पेरिस ओलंपिक 2024 की चैंपियन टीम रही थी और रिकर्व आर्चरी में दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जाती है. इसके बावजूद भारतीय तीरंदाजों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया. फाइनल से पहले भारत ने सेमीफाइनल में चीन को 5-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी. फाइनल में युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने कई अहम मौकों पर बेहतरीन निशाने लगाए, जबकि अंकिता भकत ने अपने अनुभव से टीम को संभाला.

इस स्वर्ण पदक के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या 11 हो गई है. 13वें दिन भारत के पास पदकों की संख्या बढ़ाने और पदक तालिका में ऊपर चढ़ने का शानदार मौका है. सुबह का सत्र बॉक्सिंग के नाम रहेगा, जहां लवलीना बोरगोहेन, परवीन और अंकुश अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे. दोपहर में सबसे बड़ा आकर्षण महिला हॉकी का फाइनल होगा, जहां भारतीय टीम का सामना चीन से होगा. भारतीय महिला टीम स्वर्ण पदक जीतकर टूर्नामेंट का शानदार अंत करना चाहेगी. इसके अलावा रिकर्व आर्चरी और रेसलिंग में भी भारत की कई पदक उम्मीदें मैदान में रहेंगी. इन स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने की मजबूत दावेदारी पेश करेंगे. फिलहाल भारत के खाते में 64 पदक हैं, जिनमें 10 स्वर्ण, 22 रजत और 32 कांस्य पदक शामिल हैं. शुक्रवार भारत के लिए पदकों के लिहाज से बेहद अहम दिन साबित हो सकता है.

Next Story