भारत

एफ-35बी लड़ाकू विमान की इमरजेंसी लैंडिंग से वाकिफ थी भारतीय वायुसेना

jantaserishta.com
15 Jun 2025 4:09 PM IST
एफ-35बी लड़ाकू विमान की इमरजेंसी लैंडिंग से वाकिफ थी भारतीय वायुसेना
x
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: ब्रिटिश एफ-35बी लड़ाकू विमान ने तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की थी। इस एफ-35बी लड़ाकू विमान के डायवर्जन (विमान मार्ग बदलने) को लेकर भारतीय वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि यह एक सामान्य घटना है और उड़ान सुरक्षा संबंधी कारणों से ऐसा किया गया था।
वायुसेना के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि भारतीय वायुसेना पूरी तरह से इस स्थिति से अवगत थी और फ्लाइट सेफ्टी के मद्देनजर विमान को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की गई। भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता का कहना है कि इस मामले को लेकर भारतीय वायुसेना सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय में है, और विमान को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस घटना को लेकर किसी भी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
दरअसल, ब्रिटेन का एक अत्याधुनिक एफ-35बी लाइटनिंग-II लड़ाकू विमान शनिवार देर रात केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह फाइटर जेट विमान हिंद महासागर क्षेत्र में एक नियमित उड़ान मिशन पर था। ईंधन की कमी के कारण विमान को मजबूरन निकटतम हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। भारतीय वायुसेना ने इस स्थिति को “सामान्य डायवर्जन” बताया है और स्पष्ट किया है कि उन्हें पहले से इस उड़ान योजना की जानकारी थी।
भारतीय वायुसेना ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई। भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया, “यह एक सामान्य डायवर्जन की स्थिति थी। भारतीय वायुसेना पूरी तरह से स्थिति से अवगत थी और उड़ान सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।”
एफ-35बी लाइटनिंग विमान, ब्रिटेन की रॉयल नेवी के बेड़े का हिस्सा है और इसे वर्टिकल लैंडिंग की क्षमता के लिए जाना जाता है। जानकारी के अनुसार, इस विमान ने एक ब्रिटिश युद्धपोत से उड़ान भरी थी। ब्रिटेन का यह एफ-35बी लाइटनिंग विमान सामान्य गश्त पर था। इस दौरान पायलट ने देखा कि विमान में ईंधन की मात्रा खतरनाक रूप से कम हो गई। ऐसी स्थिति को देखते हुए पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की जरूरत महसूस की। इसके बाद उसे लैंडिंग के लिए नजदीकी वैकल्पिक हवाई अड्डे की आवश्यकता पड़ी।
गौरतलब है कि यह विमान पांचवीं पीढ़ी का बहु-भूमिका वाला लड़ाकू विमान है जिसमें स्टेल्थ तकनीक और उन्नत सेंसर हैं। तिरुवनंतपुरम एयर ट्रैफिक कंट्रोल और स्थानीय हवाई अड्डा प्राधिकरण ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए रनवे खाली कराया और विमान को सुरक्षित उतरने के लिए प्राथमिकता दी। इसके तुरंत बाद, भारतीय वायुसेना और अन्य एजेंसियों ने आवश्यक तकनीकी सहायता व ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित की। इस घटना के बाद भारत और ब्रिटेन के बीच सैन्य सहयोग और पारस्परिक समझ की भी झलक मिलती है, जिससे दोनों देशों के बीच सुरक्षा और आपदा प्रतिक्रिया तंत्र की मजबूती को बल मिला है। फिलहाल, विमान की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और आवश्यक निरीक्षणों के बाद इसे जल्द ही अपनी यात्रा पुनः आरंभ करने की अनुमति दी जा सकती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story