भारत

पति की उंगली से मांग में भरा आखिरी सिंदूर... फिर फूट-फूटकर रो पड़ी पत्नी, घर लौटीं सिर्फ अर्थियां

SHIDDHANT
13 Jun 2026 9:22 PM IST
पति की उंगली से मांग में भरा आखिरी सिंदूर... फिर फूट-फूटकर रो पड़ी पत्नी, घर लौटीं सिर्फ अर्थियां
x
पत्नी की चीख-पुकार सुन रो पड़ा पूरा घाट
Prayagraj प्रयागराज। उन्नाव के गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अनुपम की अंतिम विदाई के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। शनिवार सुबह जब अनुपम का शव प्रयागराज स्थित उनके घर पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रिया पति का शव देखकर बेसुध हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। परिजनों के अनुसार, अंतिम दर्शन के दौरान प्रिया अपने पति के पार्थिव शरीर के पास बैठी थीं। इसी बीच एक महिला सिंदूरदान लेकर आई। परिवार के एक सदस्य ने अनुपम की उंगली पर सिंदूर लगाया, जिसके बाद प्रिया ने सिर झुकाकर अपनी मांग में आखिरी बार सिंदूर भरवाया। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
इसके बाद प्रिया ने पति के चरण स्पर्श किए और बिलखते हुए कहा कि वह उनके लिए चूड़ियां लेकर आए थे, लेकिन अब उन्हें कैसे उतारें। उनके विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया। वहीं, अनुपम की मां भी बेटे के शव से लिपटकर रोती रहीं और बार-बार उसे एक बार देखने की गुहार लगाती रहीं। गौरतलब है कि शुक्रवार को उन्नाव जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई थी। सभी दोस्त शिमला घूमने जा रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में प्रयागराज निवासी अनुपम, उदय और विजय समेत चार लोगों की जान चली गई।
शनिवार को अनुपम, उदय और विजय का अंतिम संस्कार प्रयागराज के छतनाग घाट पर किया गया, जबकि चौथे युवक अमन कश्यप का अंतिम संस्कार प्रतापगढ़ जिले के मांधाता स्थित पैतृक गांव में संपन्न हुआ। इस हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
Next Story