भारत

बड़े भाई से पत्नी का रेप करवाया, पति ने की बेशर्मी की हदें पार

Nil dhankar
4 May 2025 6:42 AM IST
बड़े भाई से पत्नी का रेप करवाया, पति ने की बेशर्मी की हदें पार
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। लखनऊ में रेप की शर्मनाक घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी का रेप करवाया और उसका वीडियो बनाकर पत्नी के रिश्तेदारों को भेज दिया। रेप से पहले पति ने ही पत्नी को बेहोश किया और अपने बड़े भाई से इस घटना को अंजाम दिलवाया। मामला लखनऊ के मोहनलालगंज का है। मोहनलालगंज कोतवाली में महिला ने जेठ के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति भी वारदात में शामिल है, जिसने यौन शोषण के दौरान वीडियो बनायी।

जानकारी के अनुसार रायबरेली निवासी महिला की शादी मार्च 2022 में हुई थी। मोहनलालगंज स्थित ससुराल आने के बाद से ही दहेज में बाइक की मांग की जाने लगी। दहेज की मांग को लेकर कई बार महिला के साथ पति ने मारपीट भी की थी। पीड़िता के मुताबिक सितंबर 2024 में पति ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेसुध होने पर जेठ ने उसके साथ दुराचार किया। वहीं, पति ने इस सब का वीडियो बनाकर महिला की चाची को भेज दिया। चाची को भेजे वीडियो को देखकर ही पीड़िता को जेठ और पति की करतूत का पता चला।

महिला का आरोप है कि इस घटना के बाद पति का विरोध करने पर उसने बेरहमी से पीटा भी। पति ने महिला की पिटाई कर उसे घर से भगा दिया। परेशान महिला ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस में शिकायत देकर महिला ने इंसाफ की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। आरोप पति और जेठ के खिलाफ लगे हैं। महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ के लिए टीम लगाई गई है। मामले में आरोपियों को पकड़कर जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story
null