भारत

हमीरपुर के नए बस स्टैंड भवन में शिफ्ट होगा कामगार कल्याण बोर्ड का मुख्यालय

Shantanu Roy
7 April 2026 3:45 PM IST
हमीरपुर के नए बस स्टैंड भवन में शिफ्ट होगा कामगार कल्याण बोर्ड का मुख्यालय
x
Hamirpur. हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की 54वीं निदेशक मंडल बैठक आज हमीरपुर में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने की। बैठक में राज्य के निर्माण श्रमिकों के कल्याण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 211.47 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें से 105 करोड़ रुपये विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत लाभार्थियों के हित में निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट का उद्देश्य श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए जीवन स्तर सुधारने, आर्थिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

बैठक में कौशल विकास और सतत आजीविका पर विशेष बल दिया गया। पंजीकृत श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए 5 करोड़ रुपये कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए स्वीकृत किए गए। इसके अलावा, श्रमिकों में योजनाओं और अधिकारों की जानकारी बढ़ाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के लिए बजट का प्रावधान किया गया, ताकि कल्याणकारी योजनाओं की पहुँच प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जा सके। बैठक में निर्णय लिया गया कि बोर्ड का मुख्यालय पुराने एसडीएम कार्यालय से स्थानांतरित कर हमीरपुर के नए बस स्टैंड स्थित निर्माणाधीन भवन में स्थापित किया जाएगा। श्रमिकों तक सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 100 ‘श्रमिक मित्र’ को आउटसोर्स आधार पर नियुक्त करने की भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही सभी पात्र लाभार्थियों को हिमकेयर योजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और बेटी जन्म योजना सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं को ईसोमसा के साथ एकीकृत करने की भी स्वीकृति दी गई। इसका उद्देश्य योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी, भौतिक सत्यापन और दावों के निपटान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में बोर्ड के सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार के साथ अन्य सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सभी निर्णयों का उद्देश्य श्रमिकों के कल्याण को और अधिक सुदृढ़ करना, उनकी जीवन स्थितियों में सुधार लाना और सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड लगातार योजनाओं की समीक्षा करता रहेगा और नए उपायों के माध्यम से निर्माण श्रमिकों की आर्थिक, सामाजिक और पेशेवर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि बोर्ड की सभी गतिविधियां पारदर्शी और लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुँचने वाली होंगी।
Next Story