भारत
कोहरे का कहर! नदी में गिरी कार, साधुओं ने ऐसे बचाई 4 जिंदगियां...
jantaserishta.com
27 Dec 2025 5:31 PM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में घने कोहरे के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हजारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार आधी रात एक इको कार रास्ता भटककर पूरनपुर के पास शारदा नदी में जा गिरी. कार में चार युवक सवार थे. ठंडे पानी और अंधेरे के बीच कार नदी में फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के बाद कार सवार युवकों ने किसी तरह कार के शीशे तोड़े और कार की छत पर चढ़कर मदद के लिए चिल्लाने लगे. उनकी आवाज सुनकर नदी किनारे कल्पवास कर रहे साधु सतर्क हो गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
जानकारी के अनुसार, शांतिनगर गांव निवासी अभिषेक कुमार अपने तीन दोस्तों अर्जुन गुप्ता, आदित्य वर्मा और अनंत रघुवंशी के साथ खटीमा में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे. वे पूरनपुर से सम्पूर्णानगर की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे धनाराघाट के पास पहुंचे, अचानक घना कोहरा छा गया और आगे का रास्ता दिखाई देना बंद हो गया.
कोहरे के कारण कार नदी की ओर बढ़ गई और चारों सवारियों समेत शारदा नदी में जा गिरी. कार में फंसे युवकों की आवाज सुनकर साधुओं ने घाट पर तैनात बबलू मांझी को बुलाया. हालात की गंभीरता देखते हुए बबलू मांझी बिना देर किए नदी में कूद पड़े.
अंधेरे और तेज बहाव के बीच बबलू मांझी ने हिम्मत दिखाते हुए एक-एक कर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. साधुओं और अन्य कर्मचारियों ने भी बचाव कार्य में पूरा सहयोग किया. कुछ ही देर में सूचना मिलने पर हजारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने सभी युवकों को प्राथमिक सहायता दिलाई और बाद में परिजनों को सूचना देकर उन्हें घर भेज दिया गया.
राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. बताया जा रहा है कि धनाराघाट पांटून पुल पर दो दिन पहले ही वाहनों का आवागमन शुरू हुआ था. कोहरे में संकेतक और रास्ता साफ न दिखने से हादसे की आशंका बनी हुई थी. फिलहाल कार को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है. एसडीएम अजीत सिंह ने बताया कि यह रास्ता रात के समय सुरक्षित नहीं है और एहतियात के तौर पर झंडियां लगाई जाएंगी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





