बारात के दिन दूल्हे को मिली हत्या की धमकी, दुल्हन के प्रेमी पर आरोप, शादी टूट गई

तेजी बाजार थाने में तहरीर देकर एक नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम को घर पर भत्तवान का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग खुशी के माहौल में शामिल थे। दूसरी तरफ हल्दी रस्म की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे चार लोगों ने दूल्हे का मोबाइल नंबर मांगा और वहां से चले गए। कुछ देर बाद हल्दी रस्म शुरू होने वाली थी तभी दूल्हे के मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने शादी न करने और बरात लेकर न ले जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की बात कही। धमकी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। हाल ही में जिले में हुई एक दूल्हे की हत्या की घटना से सहमे लोगों शादी से इनकार कर दिया। देर रात दूल्हा और उसके पिता तेजीबाजार थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महाराजगंज थाना क्षेत्र के रामकोला घुसकुरी निवासी विनोद निषाद तथा चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
चकदौदहां गांव में पिछले सात दिनों से शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में मटमंगरा, चौरा पूजन, डीह पूजन और पचरा जैसे पारंपरिक कार्यक्रम हो रहे थे। शुक्रवार को भी रिश्तेदारों और बरातियों को उम्मीद थी कि पुलिस सुरक्षा में शादी संपन्न हो जाएगी, लेकिन दूल्हे के पिता ने शादी कराने से साफ इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।





