भारत

दूल्हा 60 का दुल्हन 23 की, 37 साल छोटी दुल्हन से लिए सात फेरे

SHIDDHANT
24 Sept 2026 11:49 PM IST
दूल्हा 60 का दुल्हन 23 की, 37 साल छोटी दुल्हन से लिए सात फेरे
x
दूसरी शादी चर्चा
Lakhisarai. लखीसराय। बिहार के लखीसराय में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां 60 वर्षीय पिंकू सिंह ने 23 वर्षीय वर्षा रानी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी की है। दोनों की उम्र में 37 साल का अंतर है। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग इस जोड़ी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पिंकू सिंह पीरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर के रहने वाले हैं। वह खेती और मजदूरी कर अपना जीवन चलाते हैं। वहीं वर्षा रानी लखीसराय की रहने वाली हैं और फिलहाल ग्रेजुएशन पार्ट-1 की पढ़ाई कर रही हैं।
दोनों ने पारंपरिक तरीके से विवाह की रस्में पूरी कीं और सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। वीडियो वायरल होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा दोनों की उम्र के अंतर को लेकर हो रही है। हालांकि, वर्षा ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है और उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था। बताया जा रहा है कि पिंकू सिंह की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी करीब 10 साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद वह अकेले जीवन गुजार रहे थे।
वर्षा की भी यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी मुंगेर जिले के कल्याणपुर में हुई थी और उस शादी से उनकी एक बेटी भी है। वर्षा के मुताबिक, पहली शादी के बाद एक दुर्घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इसके बाद पति के साथ उनका रिश्ता नहीं चल पाया और पारिवारिक हस्तक्षेप के बाद दोनों अलग हो गए।
अब वर्षा ने पिंकू सिंह के साथ जिंदगी की नई शुरुआत करने का फैसला किया है। स्थानीय स्तर पर भी यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय सरपंच ने इसे दोनों का निजी फैसला बताते हुए कहा कि यदि दोनों अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं तो उनके निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर शादी का वीडियो वायरल होने के बाद कोई उम्र के अंतर पर हैरानी जता रहा है तो कोई दोनों को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहा है। फिलहाल 37 साल के उम्र के अंतर वाली यह शादी इलाके से लेकर सोशल मीडिया तक सुर्खियों में बनी हुई है।
Next Story