
x
बड़ा हादसा
Bihar बिहार: सासाराम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पायलट बाबा धाम के पास लगे लंदन थीम मेले में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा ग्रेविटी झूला अचानक बेकाबू होकर असंतुलित हो गया, जिससे उस पर सवार कई लोग नीचे गिर गए और कई घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे झूले पर बड़ी संख्या में लोग सवार थे, तभी अचानक झूला तेज झटकों के साथ अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते लोग नीचे गिरने लगे और पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों में सीमा देवी, उषा कुमारी और धीरज कुमार समेत कई लोग शामिल हैं। 10 वर्षीय धीरज कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा है और मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Next Story





