भारत

छठ महापर्व की धूम, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Shantanu Roy
15 Nov 2026 5:36 PM IST
छठ महापर्व की धूम, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
x
देखें VIDEO...
New Delhi. नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और असम समेत विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचे और डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर और छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाटों पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों को तैनात किया गया है।


बिहार में हजारों घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
बिहार में छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य को लेकर राज्यभर के जलाशयों और घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं। राज्य के 254 घाटों पर एसडीआरएफ और 123 घाटों पर एनडीआरएफ की तैनाती की गई है। इसके अलावा 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों को तैनात किया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य उपलब्ध कराना है। छठ व्रतियों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने घाटों पर आवश्यक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पटना के घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़
बिहार की राजधानी पटना में संध्या अर्घ्य के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे। प्रशासन के मुताबिक, सभी स्थायी घाटों को रिवर फ्रंट से जोड़ा गया है, जिससे श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पटना के कलेक्टेरियट घाट पर भी जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहां तैनात मजिस्ट्रेट ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को संध्या अर्घ्य के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि डूबते सूर्य और छठी मैया के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।


भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने किया छठ पूजन
छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी पूजा-अर्चना में शामिल हुईं। रविवार को वह पटना के दीघा स्थित मिनार घाट पहुंचीं और छठ पूजा के अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक छठ पूजा की। वहीं, बिहार के औरंगाबाद जिले में सूर्यकुंड और रुद्रकुंड पर भी संध्या अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में छठ व्रतियों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। असम के गुवाहाटी में भी छठ महापर्व की धूम देखने को मिली। शहर के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देकर छठ पूजा के अनुष्ठान में शामिल हुए।


दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिया संध्या अर्घ्य
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को यमुना नदी के तट पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और भाजपा नेता मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। सभी ने छठ पूजा के अवसर पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बनाए गए छठ घाटों पर रविवार शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। संगम विहार में भी छठ महापर्व की रौनक देखने को मिली। इस क्षेत्र में करीब 50 छठ घाट बनाए गए हैं। संगम विहार में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग रहते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है। छठ व्रती अपने परिजनों के साथ घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा की। दिल्ली सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

दिल्ली में यमुना घाटों के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन
छठ पूजा के दौरान यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक यमुना घाटों की ओर जाने वाली और उनसे जुड़ी कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। वजीराबाद क्षेत्र के राम घाट, सूर घाट और बजरंगी घाट के अलावा आईटीओ एस्टेट स्थित हाथी घाट तथा आईएसबीटी के पास वासुदेव घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जरूरत के अनुसार यातायात नियंत्रित किया जाएगा। बुंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग और आईटीओ एस्टेट क्षेत्र की सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और डायवर्जन के संकेतों के अनुसार वाहन चलाने की अपील की है।


लखनऊ में 157 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 157 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इनमें पूर्वी जोन में 47, पश्चिमी जोन में 17, उत्तरी जोन में आठ, दक्षिणी जोन में 63 और मध्य जोन में 22 पूजा स्थल शामिल हैं। अधिकारियों ने कुड़ियाघाट, लल्लूमल घाट, पक्का पुल, हनुमान सेतु, निशातगंज, खाटू श्याम मंदिर घाट, झूलेलाल पार्क, लक्ष्मण मेला मैदान, गोमती बैराज, पिपराघाट और मां चंद्रिका देवी घाट समेत प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया है।
लक्ष्मण मेला मैदान
में करीब 40 से 50 हजार, कुकरैल बैराज पर 12 से 15 हजार और कुड़ियाघाट पर आठ से 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संध्या अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का तीसरा दिन संपन्न होगा। सोमवार सुबह श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे, जिसके साथ लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
Next Story