भारत
संविधान की मूल भावना को कमजोर कर रही सरकार: राहुल गांधी
jantaserishta.com
20 Jan 2026 5:11 PM IST

x
रायबरेली: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और संविधान की मूल भावना को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में आजादी से पहले जैसी स्थिति बन रही है, जहां जमीन, अधिकार और योजनाएं आम जनता से छीनी जा रही हैं।
रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके साथ ही उन्होंने अन्य कई कार्यक्रमों में भी शिरकत की। राहुल गांधी ने कहा कि जमीन छीनी जा रही है, अधिकार छीने जा रहे हैं, और जनकल्याणकारी योजनाओं का पैसा बड़े उद्योगपतियों को दिया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है, कांग्रेस पार्टी मजदूरों और गरीबों के साथ खड़ी है और सरकार की जनविरोधी नीतियों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने मनरेगा को लेकर कहा कि कांग्रेस की तीन कार्यकाल की सरकार में इसका उद्देश्य पंचायतों को जिम्मेदारी और वित्तीय अधिकार देना था, ताकि गरीबों को न्यूनतम मजदूरी की गारंटी मिल सके।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सत्ता का केंद्रीकरण कर रही है, गरीबों से सुरक्षा कवच छीना जा रहा है, और सिर्फ नाम बदलकर गांधी का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि असली समस्या नाम बदलने की नहीं, बल्कि मजदूरों से उनके अधिकार और संरक्षण छीनने की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में मनरेगा को बचाने और मजदूरों की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने रायबरेली में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान की कमान खुद संभाली। ऊंचाहार विधानसभा के उमरन गांव में उन्होंने मनरेगा मजदूरों और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और कहा कि आज मजदूरों को न समय पर काम मिल रहा है और न ही समय से मजदूरी का भुगतान हो पा रहा है।
इस दौरान राहुल गांधी ने सांसद विकास निधि के अंतर्गत क्षेत्र की जनता को समर्पित 31 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 8 नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने राजीव गांधी स्टेडियम में रायबरेली प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रमों के बाद राहुल गांधी नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





