भारत

दिल्ली में एलपीजी सप्लाई को लेकर सरकार ने दिया भरोसा, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

jantaserishta.com
16 March 2026 8:35 AM IST
दिल्ली में एलपीजी सप्लाई को लेकर सरकार ने दिया भरोसा, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
x
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली सरकार ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है। दिल्ली सरकार में मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को दिल्लीवासियों को यह आश्वस्त किया कि शहर में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एलपीजी सप्लाई की निगरानी और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस, वेट्स एंड मेजर्स विभाग तथा फूड एंड सप्लाई विभाग की करीब 70 टीमें पूरे दिल्ली में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में सिरसा ने लिखा, "मैं सभी दिल्लीवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह स्थिर है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। सप्लाई पर नजर रखने के लिए पुलिस, वेट्स एंड मेजर्स और फूड एंड सप्लाई विभाग की 70 टीमें पूरे दिल्ली में सक्रिय हैं।"
सिरसा ने लोगों से अपील करते हुए पोस्ट में आगे लिखा, "अफवाहों पर ध्यान न दें, सप्लाई पूरी तरह व्यवस्थित है और हम हर दिल्लीवासी परिवार के साथ खड़े हैं। माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में हम लगातार स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं ताकि दिल्ली में एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे।"
इससे पहले, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी चेतावनी दी कि शहर में एलपीजी की कमी को लेकर गलत सूचना या अफवाहें फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि ईरान में चल रहे संघर्ष से वैश्विक ईंधन आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने के बावजूद, जनता की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है।
एक कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाहें फैलाना और लोगों में दहशत पैदा करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं और नागरिकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कुछ लोग बेवजह डर पैदा करने और जमाखोरी को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय हित के खिलाफ है। सरकार ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story