
नई दिल्ली: रोशनी के त्योहार दीपावली से पहले देश की राजधानी दिल्ली के सबसे बड़े इलेक्ट्रिकल बाजारों में शामिल भागीरथ पैलेस की तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। कभी चीनी झालरों, एलईडी लाइटों और सजावटी बिजली के सामान से भरे रहने वाले इस बाजार में अब भारतीय उत्पादों का दबदबा बढ़ गया है। इस बार दीपावली के त्योहारी सीजन में बाजार के कारोबार में स्वदेशी इलेक्ट्रिकल उत्पादों की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है। व्यापारियों के अनुसार, भारतीय कंपनियों के उत्पाद गुणवत्ता, कीमत और डिजाइन के मामले में विदेशी सामान को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। चांदनी चौक स्थित भागीरथ पैलेस देश के प्रमुख थोक इलेक्ट्रिकल बाजारों में गिना जाता है। यहां से दिल्ली सहित कई राज्यों के व्यापारी बिजली की लड़ियां, एलईडी बल्ब, सजावटी लाइटें और अन्य इलेक्ट्रिकल सामान खरीदते हैं। दीपावली के मौके पर इस बाजार में खरीदारी का विशेष महत्व रहता है।





