भारत

खुद को किडनैप करने वाली युवती गिरफ्तार, मांग रही थी 50 हजार फिरौती

Nil dhankar
26 May 2025 7:05 AM IST
खुद को किडनैप करने वाली युवती गिरफ्तार, मांग रही थी 50 हजार फिरौती
x
पढ़े पूरी खबर

बाराबंकी। 23 वर्षीय युवती के लापता होने से हड़कंप मच गया। युवती शनिवार को स्कूल में पढ़ाने के लिए निकली थी। इसी दौरान उसके मोबाइल से 50 हजार रुपये की फिरौती के मैसेज ने परिवार के साथ पुलिस के भी होश उड़ा दिये। तलाश में लगी पुलिस ने युवती को देर रात बाराबंकी रेलवे स्टेशन से खोज लिया। उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया है। पूछताछ में युवती ने बताया कि दोस्त की बहन की शादी में जाने के लिए उसने अपहरण की कहानी रची। उसने ही फिरौती के लिए मैसेज किया था।

नगर कोतवाली के एक गांव निवासी एक युवती शनिवार की सुबह स्कूल पढ़ाने निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों की चिंता उस समय और बढ़ गई जब दोपहर बाद करीब 3:57 बजे उसकी बहन ने उसे फोन किया। फोन उठाने पर युवती ने आ रही हूं कहा और फिर मोबाइल बंद हो गया। कुछ देर बाद युवती के बहन के मोबाइल पर एक धमकी भरा संदेश आया, जिसमें 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। संदेश में चेतावनी दी गई कि रकम न मिलने पर युवती की जान जोखिम में है। घबराए पिता ने तुरंत कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध नंबरों की जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को युवती का लोकेशन शनिवार रात बाराबंकी रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि युवती अपने दोस्त की बहन की शादी में जाना चाहती थी, लेकिन परिजन मना कर रहे थे। इस कारण उसने अपहरण की झूठी कहानी रची। हालांकि फिरौती की मांग वाला संदेश किसने और क्यों भेजा, इस पर वह चुप्पी साधे है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती रेलवे स्टेशन पर मिल गई थी। वह साबरमती ट्रेन का इंतजार कर रही थी। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Next Story