आर्य मंदिर में युवती ने चुपचाप रचाई शादी, पिता-भाई ने किया मर्डर

मामला थाना बिसरख क्षेत्र के गांव चिपियाना का है, जहां 23 साल की नेहा राठौर का हापुड़ के सूरज से प्रेम संबंध था. परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और उन्होंने नेहा को सूरज से मिलने तक नहीं दिया. लेकिन नेहा ने 11 मार्च को गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में सूरज से शादी कर ली. शादी की खबर मिलते ही पिता भानु राठौर और भाई हिमांशु ने नेहा की हत्या की साजिश रच डाली. 12 मार्च की सुबह उन्होंने नेहा को मौत के घाट उतार दिया और जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले.
पुलिस को जब मामले की भनक लगी, तो तुरंत जांच शुरू हुई. फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की पड़ताल की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कई अहम सुराग जुटाए. जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.फिलहाल, पिता और भाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.





