भारत

पहाड़ी पर मंदिर की परिक्रमा करते समय 300 फीट नीचे गिरी युवती, हुई मौत 

Rani Sahu
1 Jan 2022 6:02 PM GMT
पहाड़ी पर मंदिर की परिक्रमा करते समय 300 फीट नीचे गिरी युवती, हुई मौत 
x
शहर के प्राचीन एवं धार्मिक पर्यटन स्थल रामेश्वर महादेव मंदिर की पहाड़ी पर परिक्रमा करते समय शनिवार को नीचे गिरने से एक युवती की मौत हो गई

शहर के प्राचीन एवं धार्मिक पर्यटन स्थल रामेश्वर महादेव मंदिर की पहाड़ी पर परिक्रमा करते समय शनिवार को नीचे गिरने से एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। मृतका के पिता की ओर से दबलाना थाना पुलिस को एक रिपोर्ट भी दी गई है जिसमें उसने उसकी पुत्री को धक्का देकर पहाड़ी से गिराने का आरोप लगाया है।

दबलाना थाना अधिकारी रामेश्वर जाट का कहना है कि कोटा ग्रामीण बूढ़ादित थाना क्षेत्र के लाख सुनिचा गांव के ब्रजमोहन मीणा अपने परिवार के साथ शुक्रवार को रामेश्वर महादेव में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बूंदी आए थे। रात्रि जागरण के बाद शनिवार सुबह परिवारजनों ने स्नान कर मंदिर में दर्शन के बाद परिक्रमा की। इस दौरान 23 वर्षीया काली बाई अचानक परिक्रमा के दौरान पहाड़ी से नीचे सीढ़ियों पर गिर गई। करीब 300 फीट नीचे गिरने से युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार जन युवती के शव को बिना पुलिस को सूचना दिए गांव लेकर रवाना हो गए। बाद में किसी ने पुलिस को घटना से अवगत करवाया। उसके बाद पुलिस ने कापरेन थाना क्षेत्र से लड़की के शव को लेकर जा रहे परिजनों को रोका। उसके बाद शव को वापस बूंदी लेकर आए। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द किया।
पिता ने कहा, किसी ने धक्का देकर बेटी को मारा
रामेश्वर महादेव मंदिर में संभवत ऐसा पहला ही मामला सामने आया कि किसी की पहाड़ी से गिरने से मौत हुई हो। युवती के पिता ब्रजमोहन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में उसकी पुत्री को धक्का देकर नीचे गिरने का आरोप लगाया है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री होनहार थी, वह इस तरह से पहाड़ी से नहीं गिर सकती। उसे किसी ने धक्का देकर नीचे गिराया है। उधर पुलिस मैं मामले की जांच शुरू कर दी है।
Next Story