बच्ची ने प्रशासन को नींद से जगाया, मंत्री-कलेक्टर सब हो गए एक्टिव, कीचड़ वाली सड़क का बदलेगा रूप

यूपी। लखीमपुर ब्लॉक के सलेमपुर कोन क्षेत्र में एक मासूम बच्ची की मासूमियत भरी अपील ने प्रशासन को झकझोर दिया। कक्षा एक की छात्रा मानवी सिंह का ‘हेलो! डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं…, हमारी भी सड़क बनवा दीजिए’ कहते हुए बनाया गया वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो देखकर डीएम अंजनी कुमार सिंह छात्रा मानवी से मिलने उसके घर पहुंच गए और उसके साथ सड़क का मुआयना किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
राजकीय पॉलिटेक्निक के पास से गुजरने वाला यह मार्ग लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। इसी रास्ते पर सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान सेंटर, आंबेडकर पार्क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पानी की टंकी स्थित हैं, जिससे रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। बावजूद इसके सड़क की हालत बेहद जर्जर है। बारिश के बाद खड़ंजा उखड़कर ऊंचा-नीचा हो गया है, जिससे जलभराव और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बदहाल रास्ते के कारण राहगीरों, मरीजों और खासकर स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जांच में पाया गया कि घर से मुख्य सड़क को जोड़ने वाली ईंट की सड़क काफी जर्जर हो चुकी है और उसमें बारिश व नालियों का पानी भर गया है। इस पर डीएम ने तत्काल मरम्मत के निर्देश देते हुए जल्द काम शुरू कराने को कहा, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने इलाके में अव्यवस्थित विकास के संकेत भी देखे और लोगों को बिना योजना के प्लॉटिंग से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जमीन खरीदने से पहले ड्रेनेज, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जांच जरूर करें।
सलेमपुर कोन क्षेत्र की इस सड़क को लेकर ग्रामीण पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं। कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने भी बीडीओ लखीमपुर को सड़क दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों की इस लापरवाही से लोगों में आक्रोश है, हालांकि अब डीएम के हस्तक्षेप के बाद समाधान की उम्मीद जगी है।





