भारत

करवाचौथ की रौनक, बाजारों में उमड़ी महिलाओं की भीड़

Shantanu Roy
27 Oct 2026 9:22 PM IST
करवाचौथ की रौनक, बाजारों में उमड़ी महिलाओं की भीड़
x
चंबा। करवा चौथ पर्व को लेकर सोमवार को शहर के बाजारों में महिलाओं की खूब चहल-पहल देखने को मिली। खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़ से मनियारी, मिठाई, फल, कपड़ों और सर्राफा की दुकानों पर रौनक बढ़ गई। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में भी सजने-संवरने के लिए महिलाओं की आवाजाही लगी रही। दुकानदार महिलाओं को लुभाने के लिए नामी कंपनियों के उत्पादों की खूबियां बताते नजर आए। देर शाम तक बाजार महिलाओं की चहलकदमी से गुलजार रहे। करवा चौथ के व्रत को लेकर सोमवार सुबह से ही जिला के विभिन्न हिस्सों से महिलाओं के चंबा पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
महिलाओं ने मनियारी, सर्राफा, कपड़ों और फलों की दुकानों पर जमकर खरीददारी की। बाजारों में भीड़ बढऩे से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के कुछ हिस्सों में जाम की स्थिति भी देखने को मिली। करवा चौथ के मद्देनजर चंबा के मुख्य बाजार, चौगान नंबर-दो और मुख्य सडक़ों के किनारे अस्थायी दुकानें भी सजाई गई हैं। इसके बावजूद महिलाओं की भीड़ के आगे दुकानों की संख्या कम नजर आई। आगामी दिनों में त्योहारों के चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही और बढऩे की उम्मीद है। खरीददारी के लिए उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए।
Next Story