भारत

विधवा बहू की ससुर ने की बेरहमी से हत्या, कहा- सुबह उठते ही बड़बड़ाने लगी, इसलिए मार डाला

Shantanu Roy
20 Feb 2023 2:01 PM GMT
विधवा बहू की ससुर ने की बेरहमी से हत्या, कहा- सुबह उठते ही बड़बड़ाने लगी, इसलिए मार डाला
x
मामलें में हुआ खुलासा
पीलीभीत। पीलीभीत के पूरनपुर में पति की मौत के बाद घर और जमीन में हिस्सा मांगने पर ममता की हत्या करने के आरोपी उसके ससुर छोटेलाल, सास कृष्णा देवी, देवर सुखलाल और देवरानी सरिता का पुलिस ने चालान कर दिया है। जेल जाने से पहले छोटे लाल बोला- परेशान हो गया था, ममता से। अक्सर पुलिस को बुला लेती थी। घटना से एक दिन पहले सब कुछ तय हो गया था। बावजूद इसके घटना के दिन आंख खुलते ही बड़बड़ाने लगी थी। आरोपी बोला मुझे गुस्सा आ गया और उसे मार डाला। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पुलिस ने हत्यारोपियों के घर से बरामद कर ली है।
रविवार को मुख्य हत्यारोपी के घर से सामान समेट कर भागने की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटेलाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। घर में ही छिपाई गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार किए गए नामजद चारों आरोपियों का चालान कर दिया। चालान से पहले छोटेलाल ने बताया कि बेटे दिनेश की मौत के बाद ममता ने हिस्सा लेने के लिए काफी परेशान कर रखा था। उसे कई बार समझाया कि उसके (छोटेलाल) और उसकी पत्नी के बाद संपत्ति दोनों बेटों की ही है। दिनेश का हिस्सा उसके पुत्रों को ही मिलेगा। मगर ममता संपत्ति तुरंत हासिल करना चाहती थी।
छोटेलाल ने बताया कि उसे भय था कि ममता अपनी संपत्ति बेचकर कहीं और न चली जाए, इसलिए उन्होंने संपत्ति का बंटवारा नहीं किया। उसके पास मौजूद साढ़े चार बीघा जमीन अब भी गिरवी पड़ी है। पंचायत में पंचों ने एक हजार रुपये महीना देने का निर्णय दिया। बुढ़ापे में मजदूरी नहीं कर पा रहा था। एक हजार रुपये महीना उसे कहां से देता। घटना से एक दिन पहले भी पुलिस घर आई थी। तब सोचा की रोज-रोज के क्लेश पर जमीन का हिस्सा ममता के बच्चों के नाम लिखवा देगा। घटना के दिन आंख खुलते ही ममता फिर बड़बड़ाने लगी। उसे समझाया तो वह और उग्र हो गई। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि ममता की हत्या षडयंपूर्वक की गई है। अब तक जांच में सभी नामजद घटना में लिप्त पाए गए हैं। चार नामजद का चालान कर दिया गया है। पांचवें ननदोई को भी शीघ्र गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा। ममता का ससुर घटना को अंजाम देने के बाद कुल्हाड़ी लेकर घर से भाग गया था। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की। तब बोला- पुलिस के डर से गांव के पास रातभर गन्ने के खेत में छिपा बैठा रहा। सुबह घर से जरूरी सामान लेकर भागने की फिराक में था कि पकड़ा गया। कोतवाली से चालान होने के बाद सरिता रो पड़ी। सरिता ने पुलिस को बताया कि पांच महीने की गर्भवती है। जेल में कैसे रहेगी। रोते हुए बोली घटना में उसका तो कुछ कसूर भी नहीं है।
Next Story