भारत
सबसे ज्यादा वोटर्स वाला परिवार, एक हजार से ज्यादा सदस्यों में से 350 करेंगे अपने मतदान का प्रयोग
jantaserishta.com
15 April 2024 10:46 AM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
कुल 350 मतदाता हैं.
सोनितपुर: असम (Assam) के सोनितपुर जिले में फुलोगुरी नेपाली पाम के दिवंगत रॉन बहादुर थापा का परिवार देश का सबसे ज्यादा वोटर्स वाला परिवार है. इस फैमिली में कुल 350 मतदाता हैं. इलाके में 19 अप्रैल को लोकसभा के लिए मतदान के चरण की शुरुआत होगी. रंगापारा विधानसभा क्षेत्र और सोनितपुर संसदीय क्षेत्र के दायरे में आता है. सबसे ज्यादा मतदाताओं वाले इस परिवार के सभी सदस्य 19 अप्रैल को सोनितपुर लोकसभा क्षेत्र में अपना वोट डालेंगे. रॉन बहादुर थापा के 12 बेटे और 9 बेटियां हैं. उनकी पांच पत्नियां थीं. कुल मिलाकर लगभग 1200 सदस्यों वाले इस परिवार में लगभग 350 सदस्यों को आगामी लोकसभा चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करना है.
सोनितपुर संसदीय क्षेत्र के फुलोगुरी नेपाली पाम इलाके में एक ही पूर्वज के लगभग 300 परिवार रहते हैं. रॉन बहादुर के 150 से ज्यादा पोते-पोतियां भी हैं. एजेंसी के मुताबिक नेपाली पाम गांव के ग्राम प्रधान और दिवंगत रॉन बहादुर के बेटे तिल बहादुर थापा ने बताया कि उनके पूरे परिवार में लगभग 350 लोग हैं, जो वोट डालने के पात्र हैं.
तिल बहादुर थापा ने बताया कि मेरे पिता 1964 में मेरे दादाजी के साथ यहां आए और राज्य में बस गए. मेरे पिता की पांच पत्नियां थीं और हमारे 12 भाई और 9 बहनें हैं. उनके बेटों से 56 पोते-पोतियां थीं. मुझे नहीं पता कि बेटी से कितने पोते-पोतियां हैं. इस चुनाव में, नेपाली पाम में थापा परिवार के लगभग 350 सदस्य वोट डालने के पात्र हैं, अगर हम सभी बच्चों की गिनती करें, तो हमारे परिवार के कुल सदस्य 1,200 से ज्यादा होंगे.
हालांकि, उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि परिवार अभी तक राज्य और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाया है.
तिल बहादुर ने कहा कि हमारे बच्चों ने हाइयर एजुकेशन प्राप्त की, लेकिन उन्हें कोई सरकारी नौकरी नहीं मिली. हमारे परिवार के कुछ सदस्य बेंगलुरु चले गए और प्राइवेट नौकरी ढूंढ ली. कुछ दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम कर रहे हैं. मैं 1989 से ग्राम प्रधान के रूप में काम कर रहा हूं. मेरे पास 8 बेटे और 3 बेटियां हैं. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने 12 बेटों और 9 बेटियों का पालन-पोषण किया.
दिवंगत रॉन बहादुर के एक और बेटे सरकी बहादुर थापा ने बताया कि परिवार में लगभग 1200 सदस्य हैं. हमारा 350 सदस्यों का एक बड़ा परिवार है, जो वोट डालने के पात्र हैं.
परिजनों के मुताबिक रॉन बहादुर अपने पीछे एक बड़ा परिवार छोड़कर 1997 में चल बसे. अब 64 साल के सरकी बहादुर थापा की तीन पत्नियां और 12 बच्चे हैं. 9 विधानसभा क्षेत्रों से बनी सोनितपुर लोकसभा सीट पर 16.25 लाख से ज्यादा मतदाता हैं. असम में 14 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव तीन चरणों में होंगे, जिसकी तारीखें 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





