
x
Una. ऊना। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी मंदिर का जीर्णोंद्धार व विस्तार के लिए करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके लिए निर्माण कार्यों के टेंडर भी अवार्ड हो चुके हैं। यह कार्य मंदिर न्यास, लोक निर्माण विभाग और एचपीआरटीसी के अधीन करवाए जाएंगे। इसमें प्रसाद योजना के तहत चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 56.26 करोड़ रुपए की लागत से चार मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के बनने से करीब 4000 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। इससे विशेषकर बरसात, तेज धूप और खराब मौसम के दौरान माता के दर्शनों के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों के हितों का भी ध्यान रखा गया है।
भवन में करीब 40 दुकानदारों को नई दुकानें उपलब्ध करवाई जाएंगी। भवन निर्माण के लिए जिन दुकानदारों की दुकान छिन्नी थी, उन्हें वापस दुकानें मिल जाएगी। परियोजना के लिए केंद्र की ओर से पर्यटन विभाग हिमाचल प्रदेश को बजट जारी किया गया है। माता चिंतपूर्णी मंदिर में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। करीब 1696 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाली इस इमारत में चार हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था प्रस्तावित है। प्रस्तावित भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग, मंदिर न्यास और पर्यटन विभाग की संयुक्त रूप से गठित कमेटी की निगरानी में करवाया जाएगा। तीनों विभागों की सहभागिता से निर्माण कार्य की देखरेख और परियोजना से संबंधित व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। केंद्र द्वारा पर्यटन विभाग हिमाचल प्रदेश को जारी बजट के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने की योजना है।
Next Story





