
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ व नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात नगला पटवारी क्षेत्र के शहंशाहबाद इलाके से फायरिंग की आवाज आई। नगला पटवारी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी का पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बाद में सीओ तृतीय सर्वम सिंह के नेतृत्व में थाना क्वार्सी प्रभारी इंस्पेक्टर एसपी सिंह की टीम ने उसे घेरा तो वह घर में घुस गया। वहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसका नाम शहंशाहबाद निवासी आफताब उर्फ कप्तान है।
उसके घर में तलाशी ली गई तो 39 किलोग्राम अवैध गांजा व गांजा की बिक्री के 1.05 लाख रुपये, तमंचे, कारतूस, पुड़िया पैक करने की खाली पॉलीथिन 300 ग्राम, दो स्टेपलर, पिन की डिब्बी बरामद किए गए हैं। आफताब अपनी पहली पत्नी शहरीन व दूसरी पत्नी गुड़िया के अलावा गुड़िया के बेटों नबील, अब्दुल्ला व बिलाल के साथ गांजा तस्करी कर रहा था। ये लोग पुड़िया बनाकर लोगों को गांजा बेचते थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पूछताछ में पता चला कि ओडिशा में कंटेनर में गांजा लाया जाता है। इसमें से आधा माल आफताब ले लेता है। उसे वह अपनी पहली पत्नी के घर पर रखता है। वहां से हर दूसरे दिन एक-दो किलो माल को दूसरी पत्नी के घर में ले जाता है। वहां 10-10 ग्राम की पुड़िया बनाई जाती है। इसी घर में काउंटर लगा रखा था, जहां से बिक्री की जाती है। आफताब पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह नबील पर सात, अब्दुल्ला पर तीन व गुड़िया पर सात मुकदमे हैं।





