भारत

कार से मिला ड्राइवर का शव, सिटी मॉल के पार्किंग एरिया का मामला

jantaserishta.com
24 Feb 2026 2:36 PM IST
कार से मिला ड्राइवर का शव, सिटी मॉल के पार्किंग एरिया का मामला
x
फैली सनसनी.
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पूर्वी इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्टार सिटी मॉल की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक होंडा सिटी कार के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। जानकारी के अनुसार घटना मयूर विहार इलाके की है, जहां सुबह करीब 8 बजे मॉल कर्मचारियों की नजर रात से खड़ी एक कार पर पड़ी। कार के शीशे बंद थे और अंदर किसी तरह की हलचल दिखाई नहीं दे रही थी।
संदेह होने पर जब कार का दरवाजा खोला गया तो अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। करीब से देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मयूर विहार थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में कार के अंदर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि मामला आत्महत्या का हो सकता है, या फिर बंद कार में दम घुटने से मौत हुई हो। हालांकि हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, मॉल परिसर में एचडीएफसी लाइफ का कार्यालय स्थित है और कार उसी कार्यालय में कार्यरत गौरव नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरव ने कार चलाने के लिए ऑनलाइन ड्राइवर बुक किया था। उसी ड्राइवर का शव कार के अंदर मिला है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मॉल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी। पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि कार कब से पार्किंग में खड़ी थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story