भारत
कैब से अपहरण के प्रयास का आरोपी चालक गिरफ्तार, गाड़ी से कूदकर युवती ने बचाई थी जान
jantaserishta.com
18 Dec 2025 9:22 AM IST

x
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और पीड़िता को भटकाया गया.
नोएडा: नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात ऑफिस से घर लौट रही एक युवती ने कथित अपहरण के प्रयास से बचने के लिए चलती कैब से कूदकर अपनी जान बचाई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना फेस-3 क्षेत्र का है। पीड़िता नोएडा के सेक्टर-68 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर की रात करीब 11:40 बजे युवती ने ऑफिस से घर जाने के लिए एक कैब बुक की थी। युवती का आरोप है कि कैब चालक ने निर्धारित रूट से हटकर वाहन को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया और सही रास्ते पर चलने के लिए कहा, तो चालक ने न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि कार की खिड़कियां खोलने और वाहन से उतरने से भी रोक दिया।
इसके बाद युवती को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी दौरान चालक ने उसका मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया। जब कार की रफ्तार कुछ कम हुई तो युवती ने साहस दिखाते हुए चलती कार से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे चोटें भी आईं, लेकिन उसकी जान बच गई।
घटना के बाद पीड़िता के भाई ने थाना फेस-3 में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और पीड़िता को भटकाया गया। हालांकि, बाद में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी कैब चालक की तलाश शुरू की। थाना फेस-3 पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को वांछित अभियुक्त सौरभ कुमार पुत्र मुकेश को सेक्टर-69 नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से ग्राम अमृत रबूपुर, थाना जसरथपुर, जिला एटा का रहने वाला है और वर्तमान में भंगेल, थाना फेस-2 क्षेत्र में रह रहा था।
आरोपी की शिक्षा आठवीं कक्षा तक बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





