भारत

गज्ज खड्ड पुल से नगरोटा सूरियां और ज्वाली की दूरी होगी कम

Shantanu Roy
23 Oct 2026 8:20 PM IST
गज्ज खड्ड पुल से नगरोटा सूरियां और ज्वाली की दूरी होगी कम
x
जवाली। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने आज लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गज्ज खड्ड पर 86.34 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित कंपनी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश सरकार द्वारा इसे शीघ्र जनता को समर्पित
किया जा सके।


उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से नगरोटा सूरियां और ज्वाली क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि गज्ज खड्ड पर पुल बनने से नगरोटा सूरियां से ज्वाली की दूरी लगभग 25 किलोमीटर से घटकर 16 किलोमीटर रह जाएगी। इससे लोगों के समय और यात्रा खर्च की बचत होगी तथा क्षेत्र में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि यह पुल नगरोटा सूरियां क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Next Story