
x
Shimla. शिमला। हिमाचल में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े 850 करोड़ रुपए से अधिक के सडक़ और पुल निर्माण कार्य अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। इन कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विंग ने तैयार की थी। केंद्र से मंजूरियां हासिल करने में भी प्रदेश के इस विंग के अधिकारियों का अहम रोल रहा। अब संबंधित सडक़ें एनएचएआई के अधीन है। इन कार्यों में 459.44 करोड़ के ओरिजिनल कार्य, 201.18 करोड़ के पीवीएमसी और 93.16 करोड़ के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा हाल ही में करीब 127 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का कार्य भी इस दायरे में आया है। इन परियोजनाओं की कुल लागत तकरीबन 880 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है।
इनमें कुछ काम पहले से चल रहे हैं, जबकि कुछ के टेंडर हो चुके हैं और कुछ कार्य अवार्ड किए जा चुके हैं। प्रदेश के विभिन्न एनएच के सदृढ़ीकरण, मरम्मत और अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित कार्यों की डीपीआर तैयार करने के उपरांत संबंधित प्रोजेक्ट्स मंजूरी हासिल करने के लिए मंत्रालय के स्तर पर औपचारिकताएं पूरी करने तक काम किया। डीपीआर में सामने आई आपत्तियों को दूर करने के साथ अधिकारियों ने दिल्ली के दौरे भी किए, ताकि प्रस्तावों को मंजूरी मिल सके और निर्माण कार्य आगे बढ़ सकें। इसमें चंबा, हमीरपुर, रामपुर और नाहन डिवीजन के तहत एनएच पर होने वाले कार्य शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी इन परियोजनाओं की मंजूरी के लिए समय-समय पर केंद्र के समक्ष मामला उठाते रहे।
Next Story





