भारत
चाइनीज मांजे का कहर, बाइक सवार युवक का गला कटा, इलाज के दौरान मौत
Shantanu Roy
11 Jan 2026 9:55 PM IST

x
जांच में जुटी पुलिस
Indore. इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांजे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर चाइनीज मांजे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कनाडिया और तिलक नगर के बीच बिचौली मर्दाना इलाके में बाइक से जा रहे एक युवक की गर्दन में अचानक चाइनीज मांजा फंस गया, जिससे उसका गला गंभीर रूप से कट गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुवीर धाकड़ निवासी ओम साईं विहार कॉलोनी, बिचौली मर्दाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मांजा कहां से आया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
परिजनों ने बताया कि रघुवीर धाकड़ पेशे से टाइल्स ठेकेदार था। रविवार को छुट्टी होने के कारण वह एक निर्माण साइट देखने के लिए गया था। काम निपटाने के बाद जब वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अचानक हवा में लटकता चाइनीज मांजा उसकी गर्दन में फंस गया। तेज धार वाले मांजे से उसकी गर्दन कट गई और वह बाइक से संतुलन खो बैठा। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल रघुवीर को संभाला और उसके मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि रघुवीर का एक बेटा साहिल है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है। इससे पहले, करीब दो साल पहले उसके दूसरे बेटे की पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। एक के बाद एक हादसों ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा चाइनीज मांजे पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री हो रही है। हर साल पतंगबाजी के मौसम में ऐसे हादसे सामने आते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं निभाई जाती हैं। इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांजे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग को तेज कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि जब तक इस जानलेवा मांजे पर पूरी तरह रोक नहीं लगेगी, तब तक ऐसे हादसे होते रहेंगे और बेगुनाह लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे।
Tagsइंदौरचाइनीज मांजामांजा हादसाबाइक सवार की मौतगला कटने से मौतबिचौली मर्दानाकनाडिया तिलक नगररघुवीर धाकड़टाइल्स ठेकेदारअस्पताल में मौतप्रतिबंधित चाइनीज मांजापुलिस जांचसीसीटीवी जांचपरिवार पर दुखों का पहाड़पतंगबाजीअवैध बिक्रीप्रशासन की लापरवाहीIndoreChinese ManjaManja accidentbike rider diesdeath due to throat slittingBichauli MardanaKanadaiya Tilak NagarRaghuveer Dhakadtiles contractordeath in hospitalbanned Chinese Manjapolice investigationCCTV investigationmountain of sorrows on the familykite flyingillegal salenegligence of administration
Next Story





