भारत

गुनहगार को छोड़ा नहीं जाना चाहिए: मुख्तार अब्बास नकवी

jantaserishta.com
24 Feb 2026 3:54 PM IST
गुनहगार को छोड़ा नहीं जाना चाहिए: मुख्तार अब्बास नकवी
x
नई दिल्ली: भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के 'आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोग फंसाए जाते हैं' वाले बयान पर कहा कि मैं मानता हूं कि कोई भी हो, जो बेगुनाह है, उसको छुआ नहीं जाना चाहिए और जो गुनहगार है, उसको छोड़ा नहीं जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ गुनहगार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने में किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन बेगुनाह के खिलाफ किसी तरह की प्रताड़ना भी नहीं होनी चाहिए। यह सब लोग जानते हैं और चाहते हैं।
उन्होंने एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास दागी है और वर्तमान भी बागी हुआ है, देश के महापुरुषों के योगदान को काले पन्ने में डालने की कोशिश की थी। देश की पीढ़ी के सामने हकीकत आनी चाहिए।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने राष्ट्रपति भवन में लुटियंस की जगह राजाजी की मूर्ति लगने पर कहा कि जो लोग लुटियंस पर लोटने के आदी हैं, तो उनको लोटने दीजिए। मैं मानता हूं कि जो काम कांग्रेस पार्टी को करना चाहिए था, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने इस देश में सबसे ज्यादा राज किया है। कांग्रेस पार्टी ने अकेले भी शासन किया है और बहुत सी पार्टियों के साथ मिलकर भी सत्ता संभाली है। कई पार्टियों के साथ गठबंधन करके सरकार बनाई और कई सरकारें गला दबाकर गिराई भी हैं। उस समय उन्होंने जो भी बदलाव किया, वे परिवार तक सीमित थे। चाहे पंडित नेहरू का नाम रहा हो या फिर इंदिरा गांधी का नाम। कांग्रेस ने इसके अलावा तो कोई नाम नहीं बदला है और आज अगर पीएम मोदी वो काम कर रहे हैं, तो उसका आपको स्वागत करना चाहिए, सवाल नहीं करना चाहिए। जो हमारे राष्ट्र नायक हैं, उनको स्थान मिलना है। जहां विदेशी लोग, जिन्होंने इस देश को गुलाम बनाया था, उनके अगर निशान हैं और वो हट रहे हैं, तो यह अच्छी बात है।
उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि देखो, राहुल जी जो हैं, वो मार्शल आर्ट की टकसाल में मंदबुद्धि टट्टुओं की जो टोली तैयार कर रहे हैं, तो उनको लगता है कि इस तरह के हुड़दंगी हरफनमौला के जरिए वो भारत को बदनाम करने, भारत के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण और दुष्प्रचार करने में सफल हो जाएंगे। राहुल गांधी की समस्या है कि उन्हें जनता ने जनादेश नहीं दिया है तो वह हमला करेंगे। यह बकवास बहादुरों की जो टोली है, वह देश के खिलाफ एक्टिविटी करने में लगी है। लेकिन, देश में अराजकता से पूरे सिस्टम को हाईजैक करने की कोशिश में सफलता नहीं मिलेगी। भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करना आपका जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story