भारत
देश का पहला स्वदेशी विमान, जिसने आज ही के दिन भरी थी उड़ान
jantaserishta.com
13 Aug 2024 1:02 PM IST

x
नई दिल्ली: भारत के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। आज ही के दिन भारत में निर्मित पहले विमान हिंदुस्तान ट्रेनर 2 ने उड़ान भरी थी। भारत की आजादी को महज चार साल ही बीते थे। बंटवारे का दंश और गरीबी से जूझ रहे भारत में सरकार के सामने काफी चुनौतियां थी। इन सबके बावजूद भारत ने अपने ऊंचे सपने और बुलंद हौसलों को डगमगाने नहीं दिया।
साल 1951 था, जब हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने वो कारनामा कर दिखाया, जिसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता था। हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा पहला स्वदेश निर्मित विमान हिंदुस्तान ट्रेनर-2 तैयार किया गया। इस विमान को डॉ. वीएम घाटगे के नेतृत्व में कंपनी द्वारा डिजाइन और निर्मित किया गया। इस विमान को एचटी-2 ट्रेनर विमान नाम दिया गया।
एचटी-2 दो-सीट वाला ट्रेनर विमान है। 73 साल पहले आज ही के दिन पहले स्वदेश निर्मित विमान हिंदुस्तान ट्रेनर-2 ने आम जनता के सामने उड़ान भरी। बताया जाता है कि इस विमान को पहले ही उड़ाकर इसकी टेस्टिंग कर ली गई थी, लेकिन आधिकारिक रूप से इसे 13 अगस्त को देश के सामने लाया गया। हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड ने हिंदुस्तान ट्रेनर 2 की सफलता के बाद 150 से अधिक ट्रेनर विमानों का निर्माण किया। इन विमानों को इस्तेमाल भारतीय वायु सेना और अन्य कामों के लिए किया गया। यही नहीं, स्वदेशी विमान हिंदुस्तान ट्रेनर 2 घाना को भी दिया गया था। घाना वायु सेना ने 1959 से 1974 के बीच इसका इस्तेमाल किया।
बता दें कि इस विमान की लंबाई 7.53 मीटर (24 फीट 8 इंच) थी। वजन 1,016 किलोग्राम था और अधिकतम गति 210 किमी/घंटा थी। सैन्य उपयोग के अलावा इस विमान का इस्तेमाल भारतीय फ्लाइंग स्कूलों में भी किया गया था। साल 1953 में एचटी-2 दो-सीट वाले इस विमान का भारतीय वायु सेना और नौसेना के लिए उत्पादन शुरू हुआ। हालांकि, 39 साल तक सेवा देने के बाद स्वदेशी विमान हिंदुस्तान ट्रेनर-2 को रिटायर कर दिया गया।
Tagsपहला स्वदेशी विमानस्वदेशी विमानहिंदुस्तान ट्रेनर 2First indigenous aircraftindigenous aircraftHindustan Trainer 2
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





