भारत
मासूम की 'गिनती' रह गई अधूरी...पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट
jantaserishta.com
24 Jan 2026 3:45 PM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
फरीदाबाद: फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां मात्र चार साल की बच्ची की जान उसके ही पिता की पिटाई के कारण चली गई. दरअसल, बच्ची 50 तक गिनती नहीं लिख पाई थी, इसी से पिता बौखला गया और उसने बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. पुलिस ने मृतक बच्ची की मां की शिकायत पर पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
फरीदाबाद सेक्टर 58 थाना प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि सोनभद्र के खरंटिया गांव का रहने वाला कृष्णा और उसकी पत्नी कई साल से फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव में किराए पर रहते हैं. दोनों एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं. उनके तीन बच्चे हैं, जिसमें 7 साल का बेटा, चार साल की बेटी, जिसकी मौत हो चुकी है और 2 साल की छोटी बेटी है. पति नाइट शिफ्ट में, जबकि पत्नी दिन में नौकरी करती है.
कृष्णा दिन में घर पर रहकर बच्चों को संभालता था. 21 जनवरी को कृष्णा घर पर अपनी चार साल की बेटी को पढ़ा रहा था. उसने बच्ची को 50 तक गिनती लिखने के लिए कहा, लेकिन जब बच्ची नहीं लिख पाई तो गुस्से में आकर उसने बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी कृष्णा ने पत्नी से कहा कि बेटी खेलते हुए सीढ़ियों से गिर गई, इसी के बाद कृष्णा उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा. वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. कृष्णा ने अपनी पत्नी को कॉल करके बुलाया और कहा कि बच्ची खेलते हुए सीढ़ियों से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
बच्ची के शरीर पर निशान देखकर उसकी पत्नी को शक हुआ, जिसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. जब पिता से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधा पर कृष्णा को हिरासत में ले लिया.
पुलिस के सामने आरोपी ने कहा कि बेटी स्कूल नहीं जाती थी, इसलिए घर पर ही वह पढ़ाता था. गिनती न लिख पाने के कारण गुस्से में उसने बेटी की बहुत ज्यादा पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है.
Tagsफरीदाबादझाड़सेंतली गांवफरीदाबाद न्यूज़गिनतीबेटीFaridabadJharsentali villageFaridabad newscountingdaughter
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





