भारत
कांग्रेस का पुराना इतिहास काले धन से जुड़ा, 1977 में कारोबारियों से लिए गए थे 113 करोड़ : निशिकांत दुबे
jantaserishta.com
23 Nov 2026 11:21 AM IST

x
रांची: झारखंड के गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर पिछले कई दशकों से कारोबारियों से अवैध सांठगांठ और काले धन के इस्तेमाल से चुनावों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर 70 के दशक में इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक खबर की पुरानी कटिंग साझा की। इसके आधार पर दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1977 के लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए कारोबारियों से 113 करोड़ रुपये लिए थे।
निशिकांत दुबे के मुताबिक, उस समय खर्च की गई यह रकम आज के मूल्य के हिसाब से करीब 25 हजार करोड़ रुपये बैठती है। दुबे ने पुरानी खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लोकसभा के प्रत्येक उम्मीदवार को दो लाख रुपये और दो जीप उपलब्ध कराई गई थीं। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी चंदे और कारोबारी हितों के बीच पुराने गठजोड़ का आरोप लगाया और इसे देश की राजनीति का काला इतिहास बताया।
निशिकांत दुबे सोशल मीडिया पर ‘कांग्रेस का काला अध्याय’ नाम से शृंखलाबद्ध अभियान चला रहे हैं। इसकी 252वीं कड़ी में उन्होंने लिखा कि 23 नवंबर 1978 को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की एक रिपोर्ट मीडिया में प्रकाशित हुई थी। उनके अनुसार, इस रिपोर्ट में इंदिरा गांधी और कारोबारियों के बीच कथित सांठगांठ का खुलासा किया गया था। दुबे ने सबसे अधिक चंदा देने का आरोप आरपी गोयनका पर लगाया। उन्होंने दावा किया कि गोयनका को तीन अक्टूबर 1977 को काले धन के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने कई बार छापेमारी भी की थी।
भाजपा सांसद ने सरकारिया आयोग और हजारी आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि बिड़ला समूह ने 1957 से 1977 के बीच कांग्रेस को धन देकर लाइसेंस हासिल किए। उन्होंने कोका-कोला और आईबीएम जैसी विदेशी कंपनियों पर भी कांग्रेस को धन देने का आरोप लगाया।
निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि इन आरोपों से घिरी इंदिरा गांधी ने जनता पार्टी को तोड़ने के लिए हर तरीका अपनाया। उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राजदूत डेनियल पैट्रिक मोयनिहान की 1978 में प्रकाशित किताब का हवाला देते हुए सीआईए पर कांग्रेस को चंदा देने और विपक्षी दलों को तोड़ने में भूमिका निभाने का आरोप लगाया। इससे एक दिन पहले दुबे ने अपनी इसी श्रृंखला की 251वीं कड़ी में 1957 में बाबर से जुड़ी वस्तुओं को अफगानिस्तान भेजे जाने और गांधी परिवार के सदस्यों की बाबर की मजार यात्रा का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था।
TagsNishikant Dubey
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





