भारत

विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में बिखरे मोढेरा नृत्य महोत्सव के रंग

Admin Delhi 1
24 Jan 2023 6:14 AM GMT
विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में बिखरे मोढेरा नृत्य महोत्सव के रंग
x

गुजरात स्पेशल न्यूज़: नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई उत्सवों का आयोजन किया जाता है। इन उत्सवों के माध्यम से हमारे देश की कला और संस्कृति को सजीव रखने का प्रयास किया जाता है। उत्सवों की इस फेहरिस्त में गुजरात में जनवरी महीने में मनाए जाने वाले पतंग महोत्सव, रण महोत्सव, नवरात्रि महोत्सव जैसे कई नाम विश्व विख्यात है। इसी श्रृंखला में एक नाम आता है मोढेरा नृत्य उत्सव (डांस फेस्टिवल) का जो लोगों के बीच अपनी एक अलग जगह बना चुका है।

यह महोत्सव कला और नृत्य के माध्यम से भारत देश की परंपराओं और विविधताओं से रूबरू करवाता है। यह हमारे देश का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव है जहां देशभर के कलाकारों और संगीतकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। इस महोत्सव के ज़रिये सांस्कृतिक विरासत का मूल्य बढ़ा है। गुजरात के पाटन ज़िले में स्थित मोढेरा के पुरातन सूर्य मंदिर में इस उत्सव का हर साल आयोजन किया जाता है।


मोढेरा, भारत देश का पहला सौर ऊर्जा संचालित गांव है और अपने प्रसिद्ध सूर्य मंदिर के लिए विश्व विख्यात है। सूर्य मंदिर में इस उत्सव का आयोजन टूरिज्म कॉरपोरेशन ऑफ गुजरात लिमिटेड (TCGL) द्वारा किया जाता है। इस साल भी 21-22 जनवरी, 2023 को इस डांस फेस्टिवल का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ गुजरात स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल द्वारा किया गया। यहां अनगिनत कलाकारों की सुंदर प्रस्तुतियां देखने को मिली। महोत्सव में पहले दिन उत्तर प्रदेश की सुश्री देविका देवेन्द्र द्वारा कत्थक, अहमदाबाद की श्रीमती रुचा भट्ट द्वारा भरत नाट्यम, अहमदाबाद की सुश्री बीना मेहता द्वारा कुचिपुड़ी, वडोदरा की सुश्री जिग्निषा वैद्य द्वारा कत्थक, अहमदाबाद की सुश्री सुप्रवा मिश्रा द्व्रा ओडिशी, कोलकाता के श्री सोमभा बंदोपाध्याय द्वारा मणिपुरी एवं अहमदाबाद की सुश्री अभिता पटेल द्वारा गायन प्रस्तुति किया गया।


वर्ष 1992 के बाद से ही हर साल मोढेरा नृत्य महोत्सव का आयोजन राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। राज्य सरकार द्वारा शिल्प, स्थापत्य, संस्कृति एवं कला को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रति वर्ष मोढेरा उत्तरार्ध महोत्सव मनाया जा रहा है। उत्तरायण के बाद मनाए जाने वाले इस शास्त्रीय नृत्य महोत्सव को उत्तरार्ध महोत्सव के नाम से भी जाना जाता है। यह भगवान सूर्य देव को समर्पित है। उत्तरार्ध महोत्सव नाम इसलिए रखा गया है क्योंकि इस समय पृथ्वी उत्तर की ओर चलती है और सर्दियों के अंत तक सूर्य के करीब होने लगती है।

मोढेरा का नृत्य महोत्सव सूर्य मंदिर की ख़ूबसूरती में चार चांद लगा देता है। यह मंदिर वास्तुकला का अद्भुत नमूना है जिसे लगभग 1200 वर्ष पहले सोलंकी वंश के राजा भीमदेव ने बनवाया था। यह मंदिर भगवान सूर्य को समर्पित है। इसकी बाहरी दीवारें मूर्तियों से ढकी हुई हैं। इसका निर्माण कुछ इस तरह से हुआ है कि सूरज की पहली किरण यहां के मुख्य प्रवेश द्वार से होती हुई सबसे पहले देवता पर पड़ती है और उसे रोशन कर देती है। ऐसा कहा जाता है कि 12 राशियों और 9 नक्षत्रों की संख्या का गुणा करके इस मंदिर में 12x9= 108 मंदिर बनाए गए।


सूर्य मंदिर के दो भाग है, गर्भगृह और नृत्यमंडप जहां कुल 52 खंभे हैं जो कि साल के 52 हफ्तों के बारे में बताते हैं। जब आप इन 52 स्तंभों को ऊपर से देखते हैं तो ये गोलाकार नज़र आएंगे लेकिन नीचे से देखने पर आपको अष्टभुजाकार स्तंभ के रूप में दिखाई देंगे। इन स्तंभों पर देवी-देवताओं के चित्र और रामायण- महाभारत के प्रसंगों को बहुत बारीकी से उकेरा गया है जिसे देखकर हर कोई हैरान हो जाता है। मन्दिर में एक विशाल कुंड है, जिसे 'सूर्यकुंड' या 'रामकुंड' के नाम से जाना जाता है जिसका पानी कभी सूखता नहीं है।

इतिहास के मुताबिक इस भव्य मंदिर को खिलजी वंश के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी ने तहस-नहस कर दिया था और तभी से यहां पूजा-पाठ नहीं किया जाता। यूनेस्को ने इस अद्भुत मंदिर की संरचना को देखते हुए इसे साल 2014 में वर्ल्ड हैरिटेज की सूची में शामिल किया था। इस अद्भुत मंदिर के इतिहास को बरकरार रखने के लिए गुजरात के पर्यटन विभाग ने कई कदम उठाए और नृत्य महोत्सव उन्हीं प्रयासों में से एक है। नृत्य महोत्सव के कारण यह सूर्य मंदिर आज भी लोगों के बीच बहुत प्रसिद्ध है। मोढेरा नृत्य महोत्सव ने निश्चित तौर पर गुजरात की संस्कृति को विश्व स्तर पर ख्याति दिलाई है। विश्व की अद्भुत स्थापत्य कला और बेमिसाल मोढेरा सूर्य मंदिर की सांस्कृतिक परम्परा ऐसे ही बरकरार रहेगी।



Next Story