भारत
इस राज्य के मुख्यमंत्री ने गृह मंत्रालय से मांगे हेलीकॉप्टर और एंटी ड्रोन टीम, जानिए क्या है वजह
Rounak Dey
23 Feb 2021 7:38 AM IST

x
फाइल फोटो
हेलीकॉप्टर और एंटी ड्रोन टीम
दिल्ली दौरे पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की है. इस दौरान उन्होंने आपदा सम्भावित क्षेत्रों की निगरानी के लिए गृह मंत्रालय से एक हैलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. सीएम ने जोशीमठ क्षेत्र में आई आपदा में राहत व बचाव कार्यों की जानकारी दी. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, केन्द्रीय एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने बेहतर समन्वय से काम किया.
आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ ने सर्च एवं रेस्क्यू के काम के साथ ही आपदा प्रभावित गांवों में बिना देरी के राहत पहुंचाने का काम भी किया. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से राज्य में उत्तराखंड हिमनद एवं जल संसाधन शोध केन्द्र की स्थापना का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने राज्य के दुर्गम-अति दुर्गम आपदा सम्भावित क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की देखरेख और निगरानी के लिए एक हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.
गृह मंत्री ने कहा, उत्तराखण्ड की हर सम्भव मदद करेगा केंद्र
आपदा प्रबंधन व बॉर्डर प्रबंधन को देखते हुए गैरसैंण में 1 आईआरबी बटालियन स्थापना की स्वीकृति का भी अनुरोध किया. आगामी कुंभ के मद्देनजर एंटी ड्रोन तकनीक से संयोजित एक विशेष टीम की तैनाती करने का अनुरोध किया. सीएम ने चमोली के नीति घाटी और उत्तरकाशी के नेलांग घाटी को बेहतर सीमा प्रबंधन के लिए इनर लाइन परमिट की व्यवस्था समाप्त किए जाने का आग्रह किया है. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने उक्त सभी बातों पर सैद्धांतिक सहमति देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को हरसम्भव सहयोग दिया जाएगा.
हरदीप सिंह पुरी से भी मिले सीएम त्रिवेंद्र
वहीं, सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों मंत्रियों के बीच उत्तराखंड में प्रमुख शहरों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने और ग्रामीण इलाकों में फ्लैगशिप योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रगति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई.
Next Story





