भारत

कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग मामले का खुलासा, शूटर गिरफ्तार, तीन लाख की दी गई सुपारी

jantaserishta.com
18 Dec 2025 4:46 PM IST
कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग मामले का खुलासा, शूटर गिरफ्तार, तीन लाख की दी गई सुपारी
x
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे रास्ते में ही धर दबोचा.
रांची: रांची में सांभवी इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान के मालिक राधेश्याम साहू पर अंधाधुंध फायरिंग की वारदात के दो महीने बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है, जिसने पुलिस को बताया कि कारोबारी की हत्या के लिए तीन लाख रुपए की सुपारी तय हुई थी।
रांची के कटहल मोड़ के पास स्थित सांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहू पर 15 अक्टूबर को बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस वारदात में राधेश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लंबे इलाज के बाद उनकी जान बच सकी। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल शूटर चंदन कुमार धनबाद से अपने घर भुरकुंडा लौट रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे रास्ते में ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में चंदन कुमार ने बताया कि उसे राधेश्याम साहू की हत्या के लिए तीन लाख रुपए की सुपारी दी गई थी, जिसमें से 50 हजार रुपए एडवांस के तौर पर मिले थे। इसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि सुपारी किसने दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटर ने पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता का नाम भी बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले में राधेश्याम साहू के बेटे सज्जन कुमार ने नगड़ी थाना में जमीन कारोबारी पुरुषोत्तम कुमार, पटना निवासी शशि शेखर समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनके पिता का ढाई एकड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में लंबित है। साथ ही घटना से करीब दो महीने पहले शशि शेखर द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी भी दिए जाने का आरोप लगाया गया था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story