
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने कथित भाई, मां और मौसी के साथ मिलकर एक युवक को ठगी का शिकार बना डाला। मामला इतना सुनियोजित था कि आरोपी महिला ने पहले मुंह दिखाई और गोद भराई जैसी रस्में पूरी कीं ताकि पीड़ित को शक न हो। इन रस्मों के बहाने उन्होंने दूल्हे पक्ष से करीब 1 लाख 77 हजार 450 रुपये वसूल लिए। बाद में जब युवक ने शादी आगे बढ़ाने की बात की, तो दुल्हन और उसका गिरोह अचानक गायब हो गया।
जब युवक ने रकम वापस मांगने की हिम्मत की, तो आरोपी नितिन उर्फ अनिकेत ने उसे धमकाया कि वह उसे अपनी बहन से दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा देगा। पीड़ित ने यह धमकी मिलने के बाद तुरंत थाना पटवाई में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए तकनीकी निगरानी शुरू की और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-बरेली हाईवे बाईपास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में नितिन उर्फ अनिकेत पुत्र धर्मपाल और सुहानी उर्फ शिवान्या शामिल हैं।





