भारत

चलती रोडवेज बस के ब्रेक फेल, ईंट लेकर दौड़े दरोगा...

SHIDDHANT
21 July 2026 10:54 PM IST
चलती रोडवेज बस के ब्रेक फेल, ईंट लेकर दौड़े दरोगा...
x
रोडवेज सुरक्षा
Hamirpur हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चलती रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने से हड़कंप मच गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में बड़ा हादसा टालने के लिए यूपी पुलिस के जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को रोकने का अनोखा तरीका अपनाया। पुलिसकर्मियों के इस प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, उरई डिपो की रोडवेज बस राठ कोतवाली क्षेत्र के बस स्टैंड रोड पर पहुंची थी, तभी अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक काम करना बंद होने से बस चालक और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर भीड़ और वाहनों की आवाजाही के बीच स्थिति गंभीर हो सकती थी।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को समझा और बस को नियंत्रित करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। दरोगा समेत तीन सिपाही हाथों में ईंट लेकर चलती बस के दोनों ओर दौड़ते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने बस के पहियों के नीचे ईंट लगाकर उसकी रफ्तार कम करने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड रोड पर बस को सुरक्षित रोकने में सफल रहे। इस दौरान किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों के साहस और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग पुलिस के इस प्रयास की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। राठ कोतवाली क्षेत्र की इस घटना के बाद रोडवेज बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस की तत्परता से यात्रियों की जान बच गई।
Next Story