भारत

5 दिन की मशक्कत के बाद भी नहीं मिला शव...करीब 15 हजार स्क्वायर फीट इलाके में 10 फीट गहराई तक खुदाई

jantaserishta.com
3 Feb 2026 5:00 PM IST
5 दिन की मशक्कत के बाद भी नहीं मिला शव...करीब 15 हजार स्क्वायर फीट इलाके में 10 फीट गहराई तक खुदाई
x
पढ़ें पूरी खबर.
सूरत: गुजरात के सूरत शहर के पुणा इलाके से एक रहस्यमयी और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन साल पुराने हत्या के राज से पर्दा उठने के बाद भी पुलिस को अब तक शव बरामद नहीं हो सका है. मृतक की तलाश में पिछले पांच दिनों से सूरत पुलिस जेसीबी और हिटाची मशीनों की मदद से लगातार खुदाई कर रही है. अब तक करीब 15 हजार स्क्वायर फीट इलाके में 10 फीट गहराई तक खुदाई की जा चुकी है, लेकिन जमीन में दफन शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
यह मामला करीब तीन साल पुराना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पुणा थाना क्षेत्र के कैनाल रोड स्थित एक खुली जगह पर चार नाबालिग दोस्त नशे की हालत में बैठे थे. इसी दौरान किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. आरोप है कि तीन नाबालिगों ने मिलकर अपने चौथे साथी पर भारी वस्तु से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
हत्या को छिपाने के इरादे से आरोपियों ने उसी अंधेरी रात में मौके पर गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफना दिया और फिर अलग-अलग हो गए. हालांकि, तीनों आरोपी समय-समय पर एक-दूसरे से मिलते रहे.
करीब तीन साल बाद, हाल ही में जब आरोपियों में से एक नाबालिग की अपने साथियों से दोबारा अनबन हुई, तो उसने मृतक के भाई के सामने जाकर पूरी सच्चाई उगल दी. उसने बताया कि उसका भाई कहीं लापता नहीं हुआ था, बल्कि उसकी हत्या कर पुणा इलाके में जमीन में दफना दिया गया था. यह सुनकर मृतक का भाई स्तब्ध रह गया और तत्काल पुणा पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई शुरू कराई. बीते पांच दिनों से पुलिस की टीमें दिन-रात खुदाई में जुटी हुई हैं. हालांकि, मामला तीन साल पुराना होने की वजह से मिट्टी की स्थिति बदल चुकी है, जिससे शव या अन्य साक्ष्य मिलने में कठिनाई आ रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुदाई का दायरा बढ़ाया जा सकता है और तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है. सूरत पुलिस का दावा है कि जमीन के नीचे दबे सच को बाहर लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इस हत्या की गुत्थी सुलझाई जाएगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story